Mechanic will be able to book the plot from next week
- फोटो : Mechanic will be able to book the plot from next week
(अमर उजाला मुद्दा - ट्रांसपोर्ट नगर)
ट्रांसपोर्ट नगर में मैकेनिकों को छोटे प्लाट आवंटन का प्रस्ताव बीडीए बोर्ड में स्वीकृत हो चुका है। बीडीए अगले हफ्ते से मैकेनिकों को प्लाट बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। मैकेनिकों को 15 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से प्लाट दिया जाएगा। लागत की 10 फीसदी रकम मैकेनिकों को बुकिंग के समय जमा करनी होगी। 97 प्लाट मैकेनिकों को दिए जाएंगे। निर्धारित भूखंड संख्या से अधिक आवेदन आने की स्थिति में आवंटन लाटरी ड्रा से किया जाएगा। 14 बचे हुए भूखंड ट्रांसपोर्टर्स को दिए जाने का प्रस्ताव है।
बीडीए ने अप्रैल और मई में ट्रांसपोर्ट नगर में काम करने वाले मैकेनिकों का सर्वे किया था। उसमें मात्र 180 मैकेनिक निकलकर सामने आए थे। लेकिन जब सस्ती दरों पर प्लाट खरीदने के लिए सहमति मांगे गए तो मैकेनिकों की संख्या बढ़कर पांच सौ से ज्यादा हो गई। ट्रांसपोर्ट नगर में बीडीए ने 3×3 मीटर के छोटे प्लाट मैकेनिकों के लिए 15 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से बेचना तय किया गया है। हालांकि बीडीए ने पहले 11830 रुपये की दर से प्लाट देने का प्रस्ताव बोर्ड में रखा था लेकिन बोर्ड ने 15 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से प्लाट आवंटन का प्रस्ताव स्वीकृत किया। अब मैकेनिकों को इसी दर से प्लाट दिए जाएंगे। बुकिंग में मैकेनिकों की संख्या 97 से अधिक होने की स्थिति में प्लाट आवंटन लाटरी पद्धति से किया जाएगा। जो मैकेनिक बचेंगे, उनको अतिक्रमणमारी मानकर ट्रांसपोर्ट नगर से बाहर किया जाएगा।
बता दें कि बीडीए ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना 1998 में शाहजहांपुर रोड पर रजऊ परसपुर में प्रारंभ की थी। वर्ष 2002 में तत्कालीन नगर विकास मंत्री लाल जी टंडन ने इस योजना का शिलान्यास किया था। 17 साल में कई मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की कोशिश की लेकिन जैसे ही ये परवान चढ़ती दिखाई दी, ठीक उसी समय जिम्मेदार अफसरों के ट्रांसफर हो गए। वजह भले ही दूसरी रही हो लेकिन मंडलायुक्त विपिन द्विवेदी, डीएम सुरेंद्र सिंह और डीएम डा. पिंकी जोवल के स्थानांतरण उसी समय हुए, जब इन जिलाधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर पर काम आगे बढ़ाया। कमिश्नर पीवी जगनमोहन ने अप्रैल में बीडीए को 31 मई तक ट्रांसपोर्ट नगर हर हाल में बसाने के निर्देश दिए थे। बीडीए ने उसी समय मैकेनिकों को प्लाट आवंटन के लिए उनसे सहमति पत्र लिए। बोर्ड के एजेंडे में सस्ते प्लाट आवंटन का प्रस्ताव लाया गया। 28 जून को बोर्ड ने ये प्रस्ताव स्वीकृत किया।
ट्रांसपोर्ट नगर में मैकेनिकों को छोटे प्लाट देने का प्रस्ताव बोर्ड से स्वीकृत हो चुका है। हम अगले हफ्ते मैकेनिकों के लिए प्लाट बुक करने जा रहे है। इसके लिए जो भी मैकेनिक आगे आएंगे उनको लागत की 10 फीसदी रकम बुकिंग पर जमा करनी होगी। बीएन गोयल, एक्सईएन बीडीए