बरेली। खुराफातियों ने ईद वाली रात कोहाड़ापीर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में मांस से भरी थैली फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मांस को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
गुरुद्वारा के प्रधान हरवंत पाल सिंह बेदी ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह किसी काम के सिलसिले में गुरुद्वारा से बाहर निकले थे। उस समय ज्ञानी किशन सिंह और सेवादार हरदेव सिंह समेत तीन-चार लोग गुरुद्वारा के गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान किसी ने ऊपर से मांस भरी थैली फेंकी, जो छत से टकराकर सीढ़ी के पास आकर गिरी। उन लोगों ने वहां जाकर देखा तो थैली फट चुकी थी और उसमें भरा मांस जमीन पर बिखरा पड़ा था। इसके बाद गुरुद्वारा में रहने वाले तमाम लोग वहां जमा हो गए। सीओ श्वेता यादव और प्रेमनगर इंस्पेक्टर दयाशंकर भी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में एसपी सिटी रवींद्र कुमार भी वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने वहां काफी देर तक जांच पड़ताल की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते रहे। एसपी सिटी ने बताया कि घटना के बारे में जांच की जा रही है। जल्दी ही खुराफाती को तलाश कर लिया जाएगा।