जुमे की नमाज नौमहला मस्जिद में पढ़ेंगे। उसके बाद बहुत ही जिम्मेदारी और अमन के साथ हम अपनी तकलीफों और परेशानियों के लिए डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन देना चाहते हैं। इसमें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। अगर जिला प्रशासन लोगों को रोक-टोक करेगा या उनके साथ बदतमीजी की जाएगी। ज्यादती की जाएगी तो उसकी जवाबदेही जिला प्रशासन की खुद होगी। हमारा कार्यक्रम पूरी तरह अमन का है। मौलाना ने अपील करते हुए कहा कि बहुत ही जिम्मेदारी के साथ अच्छे मुसलमानों और सच्चे हिंदुस्तानियों की तरह इस ज्ञापन में शामिल हों। अपने बेदारी (जागरूकता) का सबूत दें। किसी तरह का गैरकानूनी या गैर शरई नारा ना लगाएं।
मौलाना तौकीर रजा के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने सौदागरान और विहारीपुर की गलियों को छावनी बना दिया है। बृहस्पतिवार शाम को इन्हीं गलियों में घूमकर डीएम एसएसपी ने बिना अनुमति आयोजन पर कार्रवाई की बात कह दी। देर रात तक आईएमसी प्रवक्ता का भी मौलाना से संपर्क नहीं हो पा रहा था। कानपुर से शुरू हुई चिंगारी ने कई जगह हंगामा बरपाया है। बरेली में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को धरना प्रदर्शन करने और कलक्ट्रेट जाकर अधिकारियों को ज्ञापन देने का ऐलान किया था। हालांकि रात में आईएमसी लेटर पैड पर सिर्फ ज्ञापन देने की बात कही गई। वहीं सुबह मौलाना तौकीर ने इसे साजिश करार दिया। उधर, पुलिस ने इस्लामिया ग्राउंड को सील कर दिया है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जिले में धारा-163 लागू
डीएम और एसएसपी ने विहारीपुर इलाके में घूमकर कहा कि बिना अनुमति के किसी ने भी रैली निकालने या प्रदर्शन करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि जिले में धारा-163 (पूर्व में 144) लगी है। पूरे जिले में रैली, धरना-प्रदर्शन पर रोक लगी है। उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
माहौल खराब करने की कोशिश की तो होगी कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि नवरात्र में अगर कोई व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने बताया कि 15 कंपनी पीएसी के साथ ही 37 सौ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इसमें दूसरे जिलों से 200 दरोगा, 500 सिपाही, पांच कंपनी पीएसी, जिले से 700 दरोगा, 2500 आरक्षी और मुख्य आरक्षी मौजूद रहेंगे। 13 सीओ, पांच एडिशनल एसपी भी तैनात किए गए हैं।