अरब देशों के दूतावासों के सामने करेंगे प्रदर्शन
मौलाना ने कहा कि फलस्तीन में घायलों के इलाज की व्यवस्था भी नहीं है। वहां अस्पताल भी धमाकों से उड़ा दिए गए हैं। दुनिया के बाकी देश इस बर्बादी को देख रहे हैं। विरोध करने की खासतौर से अरब देशों की ज्यादा जिम्मेदारी है। इसके बावजूद वह इंसानियत का कत्ल देख रहे हैं। वह दिल्ली में अरब देशों के दूतावासों के सामने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से इस्राइल से संबंध खत्म करने की मांग भी उठाई।
छह थानों के प्रभारी और 500 जवान रहे तैनात
आईएमसी नेताओं के घरों से लेकर मस्जिद तक 500 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। कोतवाल डीके शर्मा के साथ ही शहर के छह थानों के प्रभारी भी अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात रहे। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। खुफिया अमला भी सक्रिय रहा। एडीजी, आईजी व एसएसपी भी स्थानीय अमले के संपर्क में रहे। दंगा नियंत्रण का साजो सामान भी तैयार था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 400 लोग हर शुक्रवार को इस मस्जिद में नमाज अदा करते हैं। इस बार यह संख्या 700 हो गई थी।
आईएमसी पदाधिकारियों के घरों के बाहर रहा पहरा
मौलाना तौकीर रजा खान समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के घरों के बाहर सुबह से ही पुलिस ने डेरा डाल रखा था। आईएमसी नेता डॉ. नफीस खान, मुनीर इदरीसी, नदीम खान आदि के घरों के बाहर भी फोर्स तैनात रहा। नजरबंदी जैसा माहौल था, हालांकि किसी के आने-जाने पर रोक नहीं लगाई गई। दोपहर ढाई बजे मौलाना तौकीर के साथ ये लोग कार से नौ महला मस्जिद की ओर रवाना हुए।