आंवला। क्षेत्र में पिछले पांच-छह माह से कई सुहागिनें विधवा पेंशन ले रही थीं। मामले की जांच में पुष्टि होने के बाद अब जिला प्रोबेशन अधिकारी ने डीएम से संबंधित धनराशि की वसूली कराने का अनुरोध किया है। अपात्र महिलावार जारी 59 रिकवरी नोटिस से तहसील क्षेत्र में खलबली मच गई है। इन अपात्रों से कुल 22. 86 लाख रुपये की वसूली का नोटिस उनके घर भेजा गया है।
जानकारी करने पर भीमपुर के प्रधान श्रीपाल ने बताया कि उनके गांव की दो महिलाओं को 69-69 हजार रुपये की रिकवरी के संबंध में नोटिस आया है। इन महिलाओं के पति जीवित हैं। वे खेती-किसानी व मजदूरी करते हैं।
यह महिलाएं पांच-छह साल से महिला कल्याण विभाग से विधवा पेंशन ले रही थी। इसी तरह अन्य अपात्र महिलाएं पेंशन ले रही थीं। इन सभी सुहागिनों से अब तक दी गई पेंशन की वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदनों में पाए जाने के मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि फरवरी महीने में सुहागिनों द्वारा विधवा बनकर पेंशन लेने की शिकायतें एसडीएम कार्यालय को मिली थीं। शिकायतों की खंड विकास अधिकारी रामनगर, आलमपुर जाफराबाद व मझगवां से जांच कराई गई। जांच में दर्जनों अपात्र महिलाएं सालों से पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला पेंशन का लाभ ले रहीं थीं। इस मामले में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों की करीब 59 अपात्रों को रिकवरी के नोटिस भेजे गए हैं। इनसे 22.86 लाख रुपये की वसूली होनी है। संवाद
इन गांवों की सुहागिनों को जारी हुई नोटिस
गोठा खंडूवा गांव की बसंती, चमेली, रीता देवी, रेखा, गीता देवी, रामश्री, रजनी, अनीता, रुबी सागर, सुनीता देवी, संतोष कुमारी, लक्ष्मी देवी, निशा, गुलनाज, शिवानी, मीना कुमारी, निरोज, सर्वेश, कुसुमलता, पिंकी, प्रेमश्री, लक्ष्मी देवी, सीमा देवी, पूजा, चंद्रवती, सीमा कुमारी, सदावती, सीमा देवी, शांति देवी, सोनी, हुसनार को 14-14 हजार रुपये की रिकवरी नोटिस जारी हुआ है। इसी तरह ढकिया गांव की शिवानी को 21 हजार, उरला गांव की ओमवती को 37 हजार रुपये का वसूली नोटिस भेजा गया है।
वरासिरसा गांव की प्रेमवती, मुगलपुर गांव की भगवती, आशा देवी, मुन्नी देवी, कन्यावती, अंगूरी देवी, जाबित्री, हुलासी, कमलेश, सुनीता, सैरबानों, गंगा, शीतल, सरवेश व वरासिरसा गांव की विलासो, टांडा गौटिया गांव की डिंपल, रसूला गांव की मीना देवी, आरजू, शशीबाला व रूबी सिंह, भीमपुर गांव की सुनीता, परवीन देवी, कुंवरपुर गांव की पूनम देवी, भगवान देई, लभारी गांव की प्रीती, नंदगांव की अनीता को 69-69 हजार रुपये की रिकवरी के नोटिस जारी किए गए हैं। संवाद