नवाबगंज। हरदुआ गांव के पास भूमि पर कब्जे को लेकर सरकारी चिकित्सक और सराफ के बीच चल रहे विवाद में बुधवार को तहसीलदार और कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल के बाद निशान लगवा दिए।
बरेली-पीलीभीत पर हरदुआ गांव के पास हाईवे किनारे भूमि पर डॉ. दिनेश गंगवार और सराफ राम प्रकाश गुप्ता के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ गए थे और एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाए थे। हाल ही में कुछ दिनों पहले हुए विवाद में सराफ राम प्रकाश गुप्ता, उनकी पत्नी बबिता गुप्ता और पुत्र सूरज गुप्ता घायल हो गए थे, जिसकी रिपोर्ट राम प्रकाश गुप्ता ने डॉ. दिनेश गंगवार और उनकी पत्नी डॉ. अर्चना गंगवार, दुष्यंत सहित कई लोगों के खिलाफ कराई थी। बुधवार को तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक लालाराम गंगवार, लेखपाल विजय कुमार, कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंचे और भूमि की जांच कराए जाने के बाद निशान लगवा दिए हैं। संवाद