अवध-असम कमाई में अव्वल
डिब्रूगढ़ से लालगढ़ के बीच चलने वाली 15909/15910 अवध-असम एक्सप्रेस कमाई के मामले में अव्वल है। इज्जतनगर मंडल की 15013 जैसलमेर-रामनगर एक्सप्रेस भी इस सूची में 15वें स्थान पर है।
ऑक्यूपेंसी के मामले में बाघ एक्सप्रेस शीर्ष पर बनी हुई है। इसके बाद भी रेलवे इन ट्रेनों में यात्रियों को सुविधाएं देने के मामले में फिसड्डी साबित हो रहा है। बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों में गर्मी के सीजन में पानी खत्म होने, एसी खराब होने की शिकायतें आम हैं। बाघ एक्सप्रेस में अब तक एलएचबी कोच भी नहीं लग सके हैं। जर्जर रैक के सहारे इसका संचालन किया जा रहा है।
रेलवे ने हाल ही में सर्वाधिक कमाई व ऑक्यूपेंसी वाली 25 ट्रेनों की सूची जारी की है। उत्तर रेलवे की असम-अवध एक्सप्रेस और इज्जतनगर मंडल की जैसलमेर-रामनगर एक्सप्रेस व बाघ एक्सप्रेस इसमें शामिल हैं। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि हर वर्ष यह सूची जारी होती है। इस बार इसमें उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की आठ ट्रेनों को स्थान मिला है।