उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के थाना ईसानगर क्षेत्र में पूर्व शिक्षक नेता के घर मंगलवार की रात मजदूरी करने वाले 55 वर्षीय ग्रामीण की अवैध संबंधों के शक में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उसका शव शिक्षक के घर के पास खून से लथपथ पड़ा मिला।
शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव जसवंतनगर निवासी मनोहर भार्गव पड़ोस के गांव मोहम्मदापुर निवासी पूर्व शिक्षक नेता जगदीश कटियार के घर करीब 20 साल से मजदूरी करता था।
परिजनों ने बताया कि मनोहर भार्गव शिक्षक नेता के घर पर ही रहता था। जब घर पर शादी-विवाह या अन्य कोई कार्यक्रम होता था तभी मनोहर घर पर आता-जाता था। मंगलवार की रात रोज की तरह वह बाहर पड़े छप्पर में सो रहा था। देर रात अज्ञात लोगों ने उसकी धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी।
चीखुपकार मचने पर पूर्व शिक्षक, उनके परिवार और आसपास के लोग घर से बाहर निकले तो देखा कि चार हमलावर उसे लाठियों और धारदार हथियार से प्रहार कर रहे थे। दो हमलावर उसकी गर्दन पर लाठी रख दबाए थे। शोर शराबा होने पर हमलावर हत्या कर फरार हो गए। जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक मनोहर भार्ग की मौत हो चुकी थी।