बरेली के आंवला क्षेत्र में शादी की उम्मीद टूटने पर प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बृहस्पतिवार देर रात रेवती बहोड़ा खेड़ा स्टेशन के पास ये घटना हुई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शवों को साथ ले गए। युवती, युवक की तहेरी बहन की ननद लगती थी, इस वजह से परिजन उनकी शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे थे।
चंदौसी-आंवला रेलवे लाइन पर रेवती बहोड़ा खेड़ा स्टेशन से एक किमी पहले युवक और युवती ने सद्भावना एक्सप्रेस से कटकर जान दे दी। गश्त के दौरान जीआरपी ने दोनों के शव पड़े देखे तो थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात दो बजे दोनों शवों की पहचान होने पर उनके परिजन को सूचना दी।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे दोनों के परिजन कुछ कहने से बचते रहे। उन्होंने बताया कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को जरूरी बताया तो यहां आ गए। इंस्पेक्टर वीरेश कुमार ने बताया कि न तो कोई सुसाइड नोट मिला है, न ही कोई तहरीर। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है।