बरेली। गुजरते साल के साथ अब वाहनों की बिक्री जोरों पर है। कारोबारियों ने साल भर में क्रमवार त्योहारों की तुलना में दिसंबर में वाहनों की जबरदस्त बिक्री का अनुमान जताया है। उनके मुताबिक अब मॉडल ईयर नहीं बल्कि सस्ते वाहनों का इंतजार कर रहे लोग बाजार में आए हैं।
कार कारोबारी अल्पित अग्रवाल के मुताबिक अक्षय तृतीया, चैत्र और शारदीय नवरात्र, धनतेरस, दिवाली के सापेक्ष दिसंबर में वाहनों की बिक्री करीब 20 फीसदी ज्यादा है। लिहाजा, दिसंबर को फेस्टिवल ऑफ ऑटोमोबाइल्स भी कहा जा रहा है। उनके मुताबिक तमाम लोग साल के 11 माह बाद दिसंबर के शुरुआत में कोटेशन लेने पहुंचते हैं।
15 दिसंबर से खरमास शुरू होने पर ऑफ सीजन शुरू होते तमाम कंपनियों ने वाहनों की बिक्री बढ़ाने के लिए अलग-अलग मॉडलों में किसी पर डिस्काउंट तो किसी पर रजिस्ट्रेशन शुल्क से राहत दी है। किसी मॉडल पर एसेसरीज और डिस्काउंट दोनों है। लिहाजा, कम कीमत पर कार, बाइक के लिए मॉडल ईयर नहीं ऑफर्स पर ग्राहकों का ज्यादा जोर है। दूसरी ओर, कंपनियां भी वर्ष 2024 के मॉडल वाले वाहनों की बिक्री करना चाहती है, ताकि नए मॉडल ईयर की बिक्री में कोई अड़चन न रहे।
अभी मौका, नए मॉडल ईयर पर थम जाएंगे ऑफर्स
वाहन कारोबारी अमित मनोहर ने बताया कि मॉडल ईयर 2024 की बिक्री के लिए अब कुछ दिन शेष हैं। ऐसे में कंपनियों के साथ डीलर्स भी पुराने होने वाले मॉडल्स को निकालने लिए अपनी ओर से भी रियायत दे रहे हैं। वहीं, एक जनवरी यानी अगले वर्ष से इन्हीं खूबियों की कार का नया मॉडल लाॅन्च होगा। ऑफर्स भी थम जाएंगे। लिहाजा, ग्राहक इस मौके को भुनाने के लिए शोरूम पहुंचकर वाहन खरीद रहे हैं।
30 फीसदी बढ़ा पंजीकरण
परिवहन विभाग में पंजीकरण के आंकड़ों की मानें तो दिसंबर में त्योहारों के सापेक्ष 30 फीसदी ज्यादा वाहन पंजीकृत हुए। कई की पंजीकरण प्रक्रिया कतार में है। पंजीकृत वाहनों में कार की संख्या नौ सौ के पार है, बाइक तीन हजार से ज्यादा हैं। इसमें भी छह से 20 लाख रुपये तक की करीब आठ सौ, 20 लाख से अधिक कीमत की सौ कार बिकीं। दो लाख तक तीन हजार और दो लाख के पार दो सौ बाइक बिकी हैं। अमर उजाला ब्यूरो