फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास की रैंकिंग में बरेली की छलांग

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। विकास कार्यों की प्रगति में बरेली ने इस बार लंबी छलांग लगाई है। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं और विकास से संबंधित कार्यों की मासिक प्रगति सूची में बरेली को सूबे में दूसरा स्थान मिला है। पिछले महीने बरेली को नौवां स्थान मिला था।
विज्ञापन

प्रदेश सरकार के क्रियान्वयन विभाग की ओर से विकास एजेंडा कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिलों की जुलाई माह की रैंकिंग शनिवार को जारी की गई। विकास कार्यों के क्रियान्वयन और कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के मानक के आधार पर तय की गई रैंकिंग में जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है। पहले स्थान पर हमीरपुर है। रैंकिंग तय करने के लिए 45 इंडीकेटर्स में से बरेली को 40 में ए ग्रेड मिला है। आयुष्मान भारत, राशन दुकानों के समायोजन समेत सिर्फ पांच इंडीकेटर्स में ही रैंकिंग खराब है। अगर इन विभागों का प्रदर्शन भी बेहतर होता तो बरेली को पहला स्थान मिल सकता था।
विकास कार्यों की रैंकिंग में बरेली ने अपने प्रदर्शन में बेहतरीन सुधार किया है। जून महीने में बरेली का प्रदेश में नौंवा और उससे पहले 11वां स्थान था, लेकिन जुलाई की रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर बरेली दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। सेटेलाइट और चौपुला फ्लाईओवर जैसी बड़ी परियोजनाओं के पूरे होने से रैंकिंग में सुधार हुआ है।
विज्ञापन

मामूली अंतर से हमीरपुर से पिछड़ा
सूची में पहले स्थान पर काबिज हमीरपुर से बरेली मामूली अंतर से पिछड़ गया। 220 पूर्णांक में से हमीरपुर को 202 अंक मिले हैं, जबकि बरेली ने 225 पूर्णांक में से 202 अंक हासिल किए हैं। हमीरपुर में लागू कार्यक्रमों की संख्या बरेली से एक कम होने की वजह से वहां का पूर्णांक कम है। किसी एक और योजना में अगर बरेली का प्रदर्शन बेहतर होता तो उसे पहला स्थान मिल सकता था।
मंडल के दूसरे जिलों का हाल बुरा
विकास कार्यों की सूची में बरेली के अलावा मंडल के दूसरे जिलों का हाल खराब है। सूची में बरेली के अलावा सिर्फ पीलीभीत ही टॉप-20 में स्थान पा सका है। पीलीभीत प्रदेश में 14वें नंबर पर है। शाहजहांपुर 26वें और बदायूं 33वें स्थान पर है। रैंकिंग में सुधार के बावजूद इनमें से एक भी जिला टॉप-10 में जगह नहीं बना पाया।
बरेली मंडल को छठा स्थान
जिले के साथ बरेली मंडल की रैकिंग में भी सुधार हुआ है। विकास कार्यों की प्रगति में बरेली मंडल प्रदेश के 18 मंडलों में छठे स्थान पर है। मंडल की रैंकिंग सुधारने में भी बरेली जिले ने अहम भूमिका निभाई नहीं है। सहारनुपर, आगरा और अलीगढ़ मंडल मामूली अंतर से ही बरेली से आगे हैं। दूसरे शाहजहांपुर और बदायूं जिले की रैंकिंग में सुधार होने पर बरेली मंडल तीसरे नंबर पर पहुंच सकता था।
विकास कार्यों का सही से क्रियान्वयन कराने की वजह से रैकिंग में सुधार हुआ है। अब प्रदेश में पहले पायदान पर आने का लक्ष्य है। इसके लिए जिन विभागों की प्रगति खराब है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिन योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर है, उनमें और सुधार किया जाएगा। - चंद्रमोहन गर्ग, सीडीओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें