नवाबगंज। कस्बे के मोहल्ला बहोरनगला में विद्युत लाइन की केबल मंगलवार को टूट कर नीचे गिर पड़ी। इसकी शिकायत सभासद ने विद्युत उपकेंद्र पर की, लेकिन लाइनमैन ने केबल जोड़ने से मना कर दिया। इससे गुस्साए मोहल्ले के नाराज लोग सभासद के साथ विद्युत उपकेंद्र पर जा धमके। सभासद ने लोगों के साथ हंगामा किया।
मोहल्ला आदर्श नगर के सभासद अनुज पाठक का आरोप है कि जेई साबिर खान लगातार कनेक्शन करते जा रहे हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता को नहीं बढ़ा रहे हैं। इससे आए दिन फाल्ट हो रहे हैं। टूटी केबल को जोड़ने को लाइनमैन से कहा तो उसने मना कर दिया। इससे नाराज लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा कर यहां ताला लगा दिया।
सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता साबिर खान ने घटना की सूचना कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव को दी, जिस पर पहुंचे चौकी इंचार्ज विवेक कुमार ने लोगों से बात कर उन्हें शांत किया। साथ ही उपकेंद्र पर डाले गए ताले को खुलवाकर एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति चालू कराई।
अवर अभियंता साबिर खान ने बताया कि वह आला अधिकारियों से वार्ता करने के बाद इस मामले में तहरीर देंगे। संवाद