नवाबगंज। गृह क्लेश से परेशान एक फास्ट फूड दुकानदार ने जहरीला पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। लोगों के अनुसार कस्बे के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी 51 वर्षीय प्रेमपाल कस्बे के बिजौरिया मार्ग पर ठेला लगाकर फास्ट फूड बेचकर परिवार का पालन पोषण करते थे। गृह क्लेश को लेकर किसी न किसी बात को लेकर उनका घर में विवाद होता रहता था। सोमवार शाम किसी बात पर उनका परिजनों से विवाद हो गया। इससे नाराज होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ पी लिया। जब तक परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक उनकी जान जा चुकी थी। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है। संवाद