भाजपा की योगी सरकार मेें पुलिस महकमा दागी पुलिसकर्मियों को चिह्नित करके हटाने की कवायद में युद्ध स्तर पर जुटा हो लेकिन पुलिसकर्मी अवैध वसूली से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही वाकया फतेहगंज पश्चिमी हाईवे पर पकड़ा गया। अवैध वसूली के आरोपों में घिरकर लाइन हाजिर हुआ यूपी 100 पर तैनात सिपाही अमित दोबारा हाईवे पर अवैध वसूली करने पहुंच गया। खासबात यह है कि गुपचुप तरीके से सिपाही पुलिस लाइंस से सरकारी जीप भी ले गया था। लेकिन सिपाही को अंदेशा नहीं था कि एक बाइक सवार से रुपया वसूलकर धमकाना भारी पड़ जाएगा। बाइक सवार ने एसएसपी जोगेंद्र कुमार को फोन करके हाईवे पर चल रही अवैध वसूली की शिकायत की। एसएसपी ने सिपाही के खिलाफ जांच करवाई तो अवैध वसूली की पुष्टि हो गई। एसएसपी ने सिपाही को निलंबित करते हुए फतेहगंज पश्चिमी थाने में सिपाही के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करवाया है।
बीती 14 अप्रैल को धंतिया फहीम खां पुत्र फरीद खां ने बताया कि बीती 14 अप्रैल की शाम 5.30 बजे वह मोटर साइकिल पर धंतिया गांव से मोटर साइकिल पर फतेहगंज पश्चिमी के बाजार में सामान खरीदने जा रहा था। हाईवे पर सिपाही अमित ट्रैक्टर ट्राली को रोककर अवैध वसूली कर रहा था। फहीम की बाइक पर डंडा मारकर रोक लिया। फहीम को धमकाने लगा। उसकी जेब से करीब 1200 रुपया निकाल लिया। फहीम ने विरोध किया तो सिपाही ने उसको तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद बाइक की चाबी निकालकर फहीम को भगा दिया।
फहीम ने हाईवे से एसएसपी को फोन करके बताया कि आपके एक सिपाही ने मेरे रुपया छीन लिया है। एसएसपी ने फतेहगंज पश्चिमी थाने पुलिस को मौके पर भेजकर सिपाही को ट्रेस करवाया। एसपी देहात यमुना प्रसाद को पूरे मामले की जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा। फहीम ने फतेहगंज पश्चिमी थाने में सिपाही के खिलाफ लूट की तहरीर सौंप दी। एसएसपी ने बताया कि यूपी 100 पर तैनात सिपाही अमित के खिलाफ पहले भी अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं। उसको लाइन हाजिर किया गया था। अब उसके खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया है। सिपाही को निलंबित भी कर दिया गया है।