नवदुर्गा मंदिर साहूकारा के महंत के आवेदन को पुलिस की आपत्ति पर कर दिया था मंजूर
विज्ञापन
डीएम ने एसएसपी को परीक्षण कराकर दोबारा पुलिस रिपोर्ट देने को कहा
बरेली। गुरु गोरक्षनाथ आश्रम नवदुर्गा मंदिर साहूकारा के महंत के शस्त्र लाइसेंस के आवेदन पर कार्रवाई के लिए गोरखपुर के श्री गोरखनाथ मंदिर से डीएम को पत्र भेजा गया है। पुलिस की आपत्ति की वजह से महंत का आवेदन मंजूर नहीं किया गया था लेकिन अब डीएम ने पुलिस से दोबारा रिपोर्ट देने को कहा है।
श्री गोरखनाथ मंदिर की ओर से गोरखपुर के तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ ने बरेली में साहूकारा के गुरु गोरक्षनाथ आश्रम नवदुर्गा मंदिर के व्यवस्थापक के तौर पर योगी रविंद्रनाथ को नियुक्त किया था। उस दौरान दबंगों ने नवदुर्गा मंदिर पर कब्जा कर लिया था जिसे कब्जामुक्त कराने के बाद 2017 से योगी रविंद्रनाथ मंदिर में बतौर महंत तैनात हैं। योगी रविंद्रनाथ के आवेदन के मुताबिक मंदिर को कब्जामुक्त कराने के बाद दबंग रंजिश मानते हैं। इससे उनकी जान को खतरा है।
योगी रविंद्रनाथ ने यह कहते हुए शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया था कि साधु समाज के साथ कई अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं लिहाजा उनकी आत्मरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस बेहद जरूरी है। योगी रविंद्रनाथ के अनुसार उन्होंने अपने आवेदन में सभी औपचारिकता पूरी की थीं लेकिन पत्रावली पर पुलिस ने आपत्ति लगा दी जिसकी वजह से डीएम ने उसे स्वीकृत नहीं किया। उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर उन्होंने दोबारा पुलिस की आख्या मांगी थी। अब श्री गोरखनाथ आश्रम से पत्र भेजकर उचित कार्रवाई को कहा गया है। इसके बाद डीएम ने एसएसपी को पत्र भेजकर जल्द दोबारा परीक्षण कराकर रिपोर्ट देने को कहा है।