बरेली। नवागत अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राजकुमार ने रविवार को कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कानून व्यवस्था को पहली प्राथमिकता बताया।
एडीजी 1995 बैच के आईपीएस हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2011-12 में बरेली डीआईजी/एसएसपी रहे हैं। इसके बाद वह सीबीसीआईडी में तैनात रहे और फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में चले गए। वहां से लौटने के बाद लखनऊ में एडीजी कार्मिक के पद पर तैनात रहे। तब से बरेली काफी बदल चुका है। शनिवार रात ज्वाइनिंग के बाद रविवार सुबह वह कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर आवश्यक जानकारियां लीं। मीडिया से बातचीत में एडीजी ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। अब विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और इसकी तेजी से तैयारियां चल रही हैं। रोजाना ही शासन की ओर से नए निर्देश जारी किए जा रहे हैं, उन्हें लागू कर चुनाव निष्पक्ष संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से यहां होने वाले अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में भी चर्चा की।