बरेली। सरिया कारोबारी गुलजारी लाल कंठीराम फर्म के मालिक रोहित गुप्ता ने झारखंड में जिला पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के कसीडीह बस्ती साकची के अशोक चौधरी और राजेश चौधरी के खिलाफ करीब 50 लाख रुपये हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इन लोगों ने उनके 50 लाख हड़प लिए और माल नहीं भेजा।
लाल फाटक निवासी सरिया कारोबारी रोहित गुप्ता का कहना है कि दिसंबर 2020 में झारखंड की आशा इंटरप्राइजेज के अशोक चौधरी और चौधरी रिसोर्सिंग के राजेश चौधरी ने उनसे संपर्क किया। दोनों ने खुद को रूंगटा माइंस कंपनी का अधिकृत एजेंट बताया। दिसंबर 2020 से मार्च 2021 तक उन्होंने सात करोड़ 75 लाख 90 हजार रुपये का माल मंगाने के लिए आरोपियों को ऑर्डर दिया लेकिन उन्होंने पांच करोड़ 69 लाख 783 रुपये का माल ही भेजा।
आरोप है कि बकाया 49 लाख 66 हजार 743 रुपये का माल देने के लिए आरोपी टालमटोल करने लगे। कभी कारोबार में घाटा होने की बात कही तो कभी कोई और बहाना बनाया। मगर आठ महीने बीतने के बावजूद न तो उन्हें माल दिया और न रुपये लौटाए। 11 दिसंबर 2021 को उन्होंने आरोपियों से तकादा किया तो रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और धमकी देने लगा। कहा कि अगर वह रुपये लेने झारखंड गए तो उनकी लाश भी नहीं मिलेगी। रोहित की शिकायत के बाद एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।