बरेली। पीलीभीत रोड पर बैरियर टू पुलिस चौकी के आगे मेट्रो डिपो बनाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है। अब एयरफोर्स से एनओसी मांगी गई है। दावा है कि एनओसी मिलते ही डीपीआर तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा।
शहर में मेट्रो चलाने के लिए राइट्स को सर्वेक्षण कर डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। करीब एक साल से सर्वेक्षण चल रहा है।
राइट्स ने पहले लाइट मेट्रो का प्रेजेंटेशन दिया था लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने बढ़ते ट्रैफिक और भविष्य की जरूरत को देखते हुए मेट्रो प्रस्तावित की। इसके बाद दोबारा से सर्वेक्षण हुआ। लाइट मेट्रो डिपो के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पास करीब 10 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई थी। मेट्रो प्रस्तावित होने पर 18-20 हेक्टेयर जमीन की जरूरत पड़ी। इसके लिए नैनीताल रोड पर आईवीआरआई के पास और पीलीभीत रोड पर जमीन तलाशी गई। अब पीलीभीत रोड पर बैरियर टू पुलिस चौकी के पास जमीन चिह्नित की गई है। राइट्स के अधिकारियों ने बीडीए को जानकारी दी है कि एयरफोर्स से एनओसी मांगी गई है। यह मिलते ही डीपीआर को अंतिम रूप दिया जा सकेगा। ब्यूरो