बरेली। कोविड टीकाकरण के दूसरे सत्र की तिथि निर्धारित करने के बाद अब शासन ने केंद्रों की तादाद और वैक्सीनेट किए जाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या निर्धारित कर दी है। 22 जनवरी को जिले के 25 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस दिन कुल 49 सत्र में 4900 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
कोविड-19 से बचाव के लिए 16 जनवरी को हुए टीकाकरण के बाद अब टीका लगाने के लिए शासन से अगली तारीख 22 जनवरी (सोमवार) मिली थी। मगर कहां, कितने सत्र में और कितनी संख्या में टीके लगाए जाएंगे, इसे लेकर निर्देश न मिलने से असमंजस था। मंगलवार सुबह शासन की ओर से मिली सूचना के तहत इस बार तीन गुना अधिक केंद्र बनाए जाएंगे। कुल 49 सत्रों में 49 सौ स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने के निर्देश दिए गए हैं। शासन से स्थिति स्पष्ट होेने के बाद दोपहर में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय में केंद्रों के नाम फाइनल किए गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि केंद्रों पर कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सूची फाइनल करने के बाद टीकाकरण के लिए चयनित अस्पतालों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना अपडेट कर दी गई। सभी अस्पतालों को अपने संसाधन दुरुस्त करने को कहा गया है। टीकाकरण की लाइव कवरेज के भी निर्देश मिले हैं, इसलिए सीसीटीवी कैमरों की जांच पहले से ही करने की हिदायत दी गई है। अगर, कहीं चूक होगी तो संबंधित नोडल अधिकारी और अस्पताल प्रबंधक सुविधा मुहैया कराएंगे।
अब अनुपस्थित हुए तो सूची से हटेगा नाम
16 जनवरी को 284 स्वास्थ्यकर्मियों के अनुपस्थित होने की वजह से उन्हें टीके नहीं लगाए जा सके थे। उन्हें टीके लगेंगे या नहीं, अभी इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। वहीं, अब सूची में शामिल जो कर्मी अनुपस्थित रहेगा उसका नाम सूची से हटा दिया जाएगा। फिर उन्हें भविष्य में टीका लगाया जाएगा या नहीं, यह शासन से निर्देश मिलने के बाद तय होगा। हालांकि जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सूची से नाम हटाए जाने के बाद भविष्य में टीका नहीं लगने की ही आशंक ा जताई है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से निर्धारित समय पर टीका हर हाल में लगवाने को कहा है। बताया कि 25 केंद्रों में से कहीं जगह ज्यादा है तो कहीं कम, इसलिए कहीं एक तो क हीं दो-दो सत्र में टीके लगाए जाएंगे। किसी सत्र में कितने स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगेगी, यह संख्या भी अलग-अलग है।
ये अस्पताल इस बार बनाए जाएंगे केंद्र
जिला महिला अस्पताल, मिशन हॉस्पिटल, सिद्धि विनायक, जिला अस्पताल, डॉ. रवि खन्ना हॉस्पिटल, फरीदपुर सीएचसी, फतेहगंज पूर्वी का विवेकानंद मिशन हॉस्पिटल, फतेहगंज सीएचसी, राजश्री और धनवंतरि मेडिकल कॉलेज, नवाबगंज सीएचसी, भोजीपुरा सीएचसी, एसआरएमएस, रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, बिथरी चैनपुर सीएचसी, गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, आंवला सीएचसी, रामनगर पीएचसी, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, खुशलोक हॉस्पिटल, महाजन हॉस्पिटल, बेग हॉस्पिटल, भमोरा, दलेलनगर, मीरगंज और शेरगढ़ की सीएचसी (कुल 25 केंद्रों) पर 22 जनवरी को टीकाकरण होगा। बाकी छह अस्पताल सरन हॉस्पिटल, प्रताप हॉस्पिटल, केके हॉस्पिटल, केयर हॉस्पिटल, केशलता हॉस्पिटल और रेलवे हॉस्पिटल में 28 और 29 जनवरी को टीकाकरण होगा।
प्रशासन के साथ आज होगी अहम बैठक
मंगलवार को केंद्र फाइनल होने के बाद अब बुधवार को प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग समेत निजी अस्पताल संचालकों की बैठक प्रस्तावित है। डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि बैठक में पहली बार केंद्र बनाए जाने वाले सभी अस्पतालों के लिए दिशानिर्देश दिए जाएंगे। उन्हें अगर प्रशिक्षण की जरूरत है तो इसके लिए बृहस्पतिवार को प्रत्येक केंद्र की वैक्सीनेशन टीम को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। टीम में प्रत्येक केंद्र का एक रजिस्ट्रेशन कर्मचारी, एक वैक्सीनेटर और एक ऑब्जर्वेशन रूम का इंजार्च शामिल होगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें वैक्सीनेशन की पूरी प्रक्रिया बताई जाएगी ताकि टीकाकरण के दौरान कोई कमी न रहे।