पुरस्कार वितरण समारोह के साथ बरेली कॉरपोरेट लीग का समापन
बरेली। डीजी इंफ्रा ग्रुप की ओर से श्रीराम मूर्ति स्मारक क्रिकेट मैदान पर आयोजित बरेली कॉरपोरेट लीग का फाइनल मैच सैफ की आतिशी पारी की बदौलत किंग्सलेयर ने 60 रनों से अपने नाम किया। 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 73 रनों की पारी खेलने वाले सैफ रजा घोसी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। राहुल कपूर मैन ऑफ द टूर्नामेंट बने।
मुकाबले में डीजी इंफ्रा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। किंग्सलेयर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 208 रन बनाए। डीजी इंफ्रा की ओर से आदित्य मूर्ति ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजी इंफ्रा की टीम 17.1 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। प्रतीक पाराशर ने 43 गेंद में 54 रन बनाए। किंग्सलेयर की ओर से आकाश ने चार, राहुल कपूर ने तीन विकेट लिए।
विजेता व उप विजेता टीम सम्मानित
फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शुभम कौशिक, शशांक रस्तोगी, अतुल यादव, रियाज अफरीदी, आरिफ हुसैन आदि उपस्थित रहे। मैच में अंपायर संदीप पाल व पिंटू सिंह रहे। स्कोरिंग अनूप गुप्ता ने की। संवाद