बरेली। होटल पर झगड़े के बाद पीलीभीत रोड से दो युवकों का अपहरण करने की कोशिश के मामले में होटल मालिक समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी पुलिस एक आरोपी टीटू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की। आरोपियों को जेल भेजा दिया गया।
श्यामगंज रोड के होटल पर कुछ दिन पहले बारादरी क्षेत्र के सैलानी निवासी इस्लाम और मोबीन का होटल मालिक और उसके साथियों से झगड़ा हो गया था। उनके वहां से निकलने के कुछ देर बाद होटल मालिक जुबैर, शाहरुख, सिटी अस्पताल का प्रबंधक दिलीप चौहान उर्फ टीटू ने अपने साथियों के साथ पीलीभीत बाईपास पर आकाश होटल के पास से इस्लाम और मोबीन का अपहरण कर लिया था। फिर उन्हें मारपीट कर डोहरा मोड़ पर छोड़ गए थे। पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इनमें दो आरोपी होटल मालिक जुबैर और शाहरुख को पुलिस ने शनिवार सुबह उनके होटल के बाहर से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी बरामद की। पुलिस टीम के मुताबिक इन्हें पकड़ने पहुंची चीता पुलिस से आरोपियों की झड़प हो गई थी। पुलिस के पीछे न हटने पर आरोपियों ने तमंचा निकालकर सिपाहियों के ऊपर तान दिया था। हालांकि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनसे तमंचा भी बरामद किया गया है।