खलीफा क्रिकेट अकादमी के मैदान पर बुधवार को खेले गए तीन मैचों की मैत्रीपूर्ण क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले में खलीफा बी ने खलीफा ए को पांच विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत के सूत्रधार रहे आकर्ष सक्सेना ने नाबाद शतकीय पारी खेली।
मैच की शुरुआत में खलीफा ए के कप्तान अफजल अल्वी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में 234 रन बनाए, जिसमें कप्तान अफजल अल्वी ने स्वयं मोर्चे से नेतृत्व करते हुए 42 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रनों का योगदान दिया। उनके साथ ही कोच महफूज खान ने भी मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए 42 गेंदों पर आठ चौकों की सहायता से 60 रनों की शानदार पारी खेली। अंत में जुनैद खान ने 38 गेंदों पर 40 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। खलीफा बी की ओर से कसी हुई गेंदबाजी करते हुए कप्तान अरशद खान ने दो विकेट चटकाए, जबकि अबू बक्र ने एक विकेट लेकर रन गति पर अंकुश लगाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी खलीफा बी की शुरुआत ठोस रही। सलामी बल्लेबाज आकर्ष सक्सेना ने 104 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 117 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उनका बखूबी साथ मुस्कान ठाकुर ने निभाया, जिन्होंने 57 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 65 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर जीत की राह आसान कर दी। खलीफा बी ने संयम बरतते हुए 34वें ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। खेल के समापन पर बीसीसीआई लेवल ए कोच महफूज खान ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के खेल की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।