वाराणसी से जम्मूतवी तक जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में यात्रियों की बंपर भीड़ रहती है।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली। किला निवासी पतंग बनाने वाली युवती 10 दिन पहले ही लखनऊ के युवक को दिल दे बैठी थी। वैलेंटाइन डे पर शुक्रवार को वह प्रेमी से मिलने लखनऊ जाने के लिए ट्रेन में बैठ गई। प्रेमी को कॉल करके उसने लखनऊ आने की बात बताई तो वह घबरा गया और मिलने से मना करने लगा। गुस्से में युवती जंक्शन पर ट्रेन से कूद गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किला के एक मोहल्ले की युवती घर पर पतंग बनाने का काम करती है। 10 दिन पहले मां की तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल में उनकी तीमारदारी के दौरान उसकी मुलाकात लखनऊ के युवक से हुई। वह अपने पिता की तीमारदारी के लिए रुका था। कुछ दिन अस्पताल में दोनों साथ रहे तो एक दूसरे को पसंद करने लगे। शुक्रवार सुबह दोनों ने मोबाइल पर एक-दूसरे को वैलेंटाइन विश किया। युवती ने प्रेमी से कहा कि वह उससे मिलना चाहती है। इस पर प्रेमी ने मजाक में कह दिया कि लखनऊ आ जाओ। दोपहर में वह जंक्शन पहुंचकर लखनऊ जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। उसने प्रेमी को कॉल करके बताया कि वह लखनऊ आ रही है तो वह घबरा गया और मिलने से मना कर दिया। कहा, तुम मत आओ, शाम को वह खुद बरेली आ जाएगा। इस पर गुस्साई युवती चलती ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गई। उसके दायें घुटने और एक हाथ में चोट लग गई। घटना से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया ने तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
रिकॉर्ड में पति के कॉलम में लिखवा दिया प्रेमी का नाम
जिला अस्पताल लाए जाने पर युवती से जब डॉक्टर ने नाम पता पूछा तो उसने रिकॉर्ड में लखनऊ निवासी युवक का नाम ही पति के तौर पर लिखवा दिया। पत्रकारों ने जब उससे सवाल किया कि बोली- आज नहीं तो कल, उसी से शादी करेगी तो उसे पति लिखवाने में क्या हर्ज है। उसने बताया कि अस्पताल से छुट्टी होने पर वह अपने प्रेमी के साथ ही जाएगी। उसने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी देने से मना किया।