शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर दिवाली के चलते वाहनों की भारी भीड़ रही। इस कारण लोगों को पूरे दिन जगह-जगह जाम से जूझना पड़ा। वाहन बेहद धीमी गति से चले। 27 अक्तूबर को दिवाली है, इसलिए हर किसी को अपने घरों पहुंचने की जल्दी थी। जो लोग धनतेरस को घर नहीं पहुंच पाए। वह दिल्ली-नोएडा, गाजियाबाद, हरियाणा से शनिवार को लौट रहे थे लेकिन उन्हें जाम से जूझना पड़ गया। जाम की वजह से लोग अपने घर देरी से पहुंच पाए। जाम खुलवाने के लिए रोजा और कटरा पुलिस को घंटों पसीना बहाना पड़ा।
हरदोई बाईपास से जमुका दोराहे पर लगा रहा जाम
रोजा क्षेत्र में हरदोई बाईपास से लेकर जमुका दोराहे तक जाम की स्थिति रोजाना रहती है लेकिन दिवाली की वजह से वाहनों का आवागमन बढ़ जाने की वजह से शनिवार को भी जाम लग लग गया। लगभग चार किलोमीटर तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। वहीं रोजा अड्डा और मंडी गेट पर भी काफी देर तक वाहन जाम में फंसे रहे। धान की तौल कराकर मंडी से निकलने वाले वाहन ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक भी हाईवे पर जाम की वजह से मंडी में फंसे रहे।
हुलास नगरा रेलवे क्रासिंग पर दो-दो घंटे जाम से जूझना पड़ता है लोगों को
नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा क्षेत्र में हुलासनगरा रेलवे फाटक जाम के लिए नासूर बन गया है। ट्रेन गुजारने के लिए जब फाटक बंद किया जाता है, तब एक-एक किलोमीटर दूर तक वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को भी हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग पर सुबह से ही ऐसी ही स्थिति नजर आई। जाम में फंसे वाहनों को पास कराने के लिए पहले एक तरफ के वाहन निकाले गए। इसके बाद दूसरी तरफ के वाहन निकाले गए।
मुख्य चौराहे पर भी रही जाम की स्थिति
मीरानपुर कटरा में मुख्य चौराहे पर दिवाली की वजह से सुबह से ही वाहनों का निकलना तेज हो गया था। सुबह सात-आठ बजे तक वाहन सामान्य स्थिति में निकलते रहे। दस बजे के बाद वाहनों की संख्या बढ़ी तो जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल तो किया लेकिन इस दौरान वाहन बेहद धीमी गति से निकलते रहे। वैसे चौराहे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए बरेली जाने वाले वाहनों को जलालाबाद से जैतीपुर वाया फतेहगंज पूर्वी से गुजारा जाता है।
जाम से गाड़ी निकलवाई तो भिड़ गया सिपाही
रोजा अड्डा पर सुबह करीब 10:30 बजे जाम लग गया। जाम में फंसी एक गाड़ी में एक महिला, दो पुरूष और एक चालक मौजूद था। होमगार्ड ने गाड़ी को अन्य वाहनों के बीच से निकलवाकर पास कराया, तभी सिपाही आ गया। उसने गाड़ी पास कराने पर होमगार्ड को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। इतने में गाड़ी में बैठी महिला उतरी और उसने सिपाही को आड़े हाथों ले लिया और इंस्पेक्टर से शिकायत करने की चेतावनी दी। तब सिपाही का गुस्सा ठंडा पड़ा। बाद में पुलिस पहुंच गई और मामले को शांत किया। इसके बाद महिला गाड़ी में बैठकर चली गई।
हाईवे पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया है जाम न लगनें दें। फिर भी यदि जाम लगता है, तो जल्द से जल्द से जाम खुलवाने को कहा गया है।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी