गुलड़िया। हर घर में शिक्षा की ज्योति पुंज जलनी चाहिए। हमारे देश की सेना ने पाकिस्तान में घुसकर जो शौर्य की गाथा लिखी है, वो शिक्षा का ही कमाल है। मंगलवार को गौरी शंकर इंटर कॉलेज गुलड़िया उपराला में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में यह बात पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कही।
यहां मेधावियों को पुरस्कृत करने के बाद मुख्य अतिथि भाजपा नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि आज चाहे देश हो या विदेश। हर तरफ शिक्षा की ही गूंज है। हम सब का दायित्व है कि हर घर में शिक्षा की ज्योति जलनी चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने नई शिक्षा नीति लागू की है। इसके अनुसार अब युवा नौकरी तलाशने के बजाय सीधे अपने उद्यम की ओर बढ़ेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्र के लिए कुछ अलग कर मां भारती का मान बढ़ाने की प्रेरणा दी है। संवाद
बच्चों को अच्छी शिक्षा देना अभिभावकों की जिम्मेदारी
समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि आज प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें। बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ अभिभावकों को भी पढ़ना पड़ेगा। तभी हमारे बच्चे भी ठीक से पढ़ अच्छे पदों पर पहुंच सकेंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. श्याम बिहारी लाल, संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, भाजपा आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, बरेली जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, व्यवसायी घनश्याम खंडेलवाल, अनुपम कपूर, मझगवां ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, कॉलेज के प्रबंधक प्रशांत कुमार लोधी, मित्रपाल यशु गुप्ता आदि रहे।