बरेली में बवाल के बाद रविवार को जिले में इंटरनेट सेवा ठप रही। बाजार में ऑनलाइन पेमेंट नहीं हुए। ग्राहक नकदी से ही काम चलाते रहे। जिस वजह से एटीएम पर दबाव बढ़ गया। दोपहर के बाद शहर के कई इलाकों के एटीएम खाली हो गए। जिससे लोगों को नकदी निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार दोपहर जिले में इंटरनेट सेवा बंद की गई, जिस वजह से लोग खरीदारी के दौरान ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पा रहे थे। बाजार में निकलने वाले केवल नकदी का ही प्रयोग कर रहे थे। ऐसे में रकम निकासी के लिए एटीएम का सहारा लिया गया। लगातार एटीएम से निकासी के चलते रविवार दोपहर तक शहर के राजेंद्र नगर, पीलीभीत रोड, कर्मचारी नगर, प्रेमनगर, श्यामगंज समेत कई इलाकों के एटीएम में रकम खत्म हो गई। ग्राहक जब नकदी निकालने पहुंचे तो उन्हें नकदी ना होने की जानकारी मिली।