पिछले दो महीने में बढ़ी निवेशकों की संख्या, दो हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने का अनुमान
बरेली। पिछले कुछ दिन से क्रिप्टो करेंसी की चर्चा बढ़ी और लोग इसमें निवेश करने के लिए आकर्षित हो रहे हैं। शेयर बाजार के जानकारों के मुताबिक बरेली में कम से कम सौ करोड़ रुपये का निवेश क्रिप्टो में किया गया है। इसमें दो हजार से अधिक लोग शामिल हैं। खास बात यह है कि इन निवेशकों में सिर्फ उद्यमी ही नहीं, इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज में पढ़ रहे युवा, सरकारी नौकरी कर रहे शिक्षक, बाबू समेत सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। सब अपनी क्षमता के हिसाब से निवेश कर रहे हैं।
शेयर मार्केट एडवाइजर राजेंद्रनगर निवासी अमित राजन के मुताबिक शेयर मार्केट में कुछ लोग ट्रेडिंग कर रहे हैं तो कुछ लोग लंबे समय के लिए विश्वसनीय कंपनी में पैसे लगा रहे हैं। इधर, पिछले एक साल में कई मोबाइल एप आने के बाद शेयर बाजार में निवेश करने वालों की तादात तेजी से बढ़ी है। वहीं, पिछले दो महीने में क्रिप्टो करेंसी में भी काफी निवेशकों ने पैसा लगाया है। कई लोगों ने उनसे इस संबंध में सलाह मांगी तो उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि क्रिप्टो का बाजार सुरक्षित नहीं है। यहां भाव कौन तय कर रहा है, मार्केट कब खुलेगा, कब बंद होगा, आपका पैसा कहां जा रहा है, ये किसी को नहीं पता है। अगर रकम डूबी तो कहीं से कोई मदद नहीं मिलेगी।
क्रिप्टो करेंसी की कीमत जितनी तेजी से बढ़ती है, उतनी ही तेजी से गिरती भी है। इसका लेनदेन एक कोड और पासवर्ड के जरिए किया जाता है, जिसे भूलने पर इसमें लगाई पूरी रकम डूब सकती है। क्रिप्टो में निवेश से पहले यह ध्यान रखें कि लालच में आकर ज्यादा रकम एक साथ न लगाएं। मुझसे यहां निवेश करने संबंधी जब कोई सलाह मांगी जाती है तो मैं सिर्फ यही कहता हूं कि उतना ही पैसा लगाएं जिसके जाने का आपको कोई दुख न हो। - अमित राजन, विशेषज्ञ, शेयर बाजार
लोग इस तरह से कर रहे हैं निवेश
केस-1
पढ़ाई कर रहे हैं, दस हजार लगा दिए
डीडीपुरम के एक युवा ने बताया कि वह निजी कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहा है। उसने पिछले महीने ही क्रिप्टो में दस हजार रुपये का निवेश किया है। बताया, इस संबंध में अभी घर पर कुछ नहीं बताया है। दोस्तों के बीच चर्चा हुई, इंटरनेट पर इसके बारे में पढ़ा और एक एप डाउनलोड करके आईडी बनाकर निवेश कर दिया है। हालांकि मुझे इस मार्केट की बहुत जानकारी नहीं है। अब दस हजार की रकम करीब 18 हजार हो चुकी है। इंतजार कर रहा हूं कि शायद और बढ़ जाएं।
केस- 2
पांच लाख तक कर दिए निवेश
शहर के ही एक इंटर कॉलेज के सिविल लाइंस में रहने वाले शिक्षक ने बताया कि पिछले तीन-चार महीने से वह शेयर मार्केट व क्रिप्टो करेंसी के बारे में पढ़ रहे हैं। समाचार पत्रों में इससे जुड़ी खबरें लगातार पढ़ रहे थे। कई बेवसाइट पर पढ़ा और कुछ जानकारों से सलाह भी ली। किसी ने निवेश करने से मना नहीं किया लेकिन यह भी नहीं कहा कि मैं पचास हजार तक निवेश कर दूं। मैंने सोचा एक रिस्क लिया जा सकता है और पिछले महीने ही करीब पांच लाख रुपये निवेश कर दिए हैं। अभी मार्केट ठीक चल रहा है और करीब पौने सात लाख रुपये बन गए हैं। बस यह समझ नहीं आ रहा है कि पैसा कम ज्यादा कैसे हो रहा है। किन फैसलों से हो रहा है। डर लग रहा है लेकिन अभी कुछ दिनों तक यहां रकम जमा रहने दूंगा।
केस- 3
शेयर मार्केट में नुकसान तो क्रिप्टो में आ गए
राजेंद्रनगर निवासी युवा युवा ने बताया कि उन्हाेंने पिछले महीने पहली बार शेयर मार्केट में थोड़ा पैसा लगाने की सोची और एक कंपनी में पचास हजार रुपये का निवेश कर दिया। रकम लगातार घट रही थी, मेरे पास कोई सलाहकार भी नहीं है। यह रकम घटकर करीब 36 हजार रुपये रह गई। मैंने तत्काल वे शेयर बेच दिए और पूरी रकम क्रिप्टो में निवेश कर दी है। पिछले सप्ताह ही निवेश किया है। सिर्फ यह सोचा है कि या तो 14 हजार का घाटा पूरा हो जाएगा या फिर यह रकम भी डूब जाएगी।
क्या है क्रिप्टो करेंसी
क्रिप्टो करेंसी एक ऐसी करेंसी है जिसे आंखों से देखा नहीं जा सकता। आसान शब्दों में इसे डिजिटल करेंसी भी कह सकते हैं, जिसे कोई बैंक जारी नहीं करता। कोई भी संस्था या व्यक्ति इसे जारी करता है और वही इसे कंट्रोल करता है। इसका इस्तेमाल भी डिजिटल दुनिया में ही होता है।