फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम तक मामला पहुंचने के बाद अवैध खनन पर पुलिस-प्रशासन आमने-सामने

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। भाखड़ा नदी में अवैध खनन का मामला रेत भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर दो बच्चों की मौत के बाद पुलिस-प्रशासन के अफसरों के विरोधाभासी बयानों और दावों से और गंभीर हो गया है। मुख्यमंत्री को किए गए ट्वीट के जवाब में पुलिस ने अनुमति के तहत खनन होने की बात कही है, लेकिन एसडीएम ने पुलिस के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
विज्ञापन

इस बीच पुलिस अफसरों पर अवैध खनन कराने के आरोपों में घिरी शीशगढ़ और शाही पुलिस को बचाने के आरोप लगने शुरू हो गए हैं। बता दें कि शीशगढ़ के गांव रतनपुरा के पास भाखड़ा नदी में रविवार को अवैध खनन कर रेत भरकर निकले रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में नदी में नहा रहे छह साल के साहिल और उसकी सात वर्षीय तहेरी बहन फलक को कुचल दिया था। दोनों बच्चों की मौत के बाद नदी में अवैध खनन का मामला तूल पकड़ गया। गांव वालों ने पुलिस पर लंबे समय से अवैध खनन कराने और उनकी शिकायतों को अनदेखा करने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया था।
सोमवार को मीरगंज की तहसीलदार रश्मि कुमारी जांच करने घटनास्थल पर पहुंची थीं। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट में भाखड़ा नदी में अवैध खनन के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए अपनी जांच रिपोर्ट एसडीएम को दी है। कुछ लोगों ने मंगलवार को इस संबंध में छपी अमर उजाला की खबरों को मुख्यमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडल के साथ जिले के उच्चाधिकारियों को ट्वीट करते हुए अवैध खनन पर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
विज्ञापन

पुलिस के ट्विटर हैंडल से इस पर जवाब दिया गया है कि एक ईंट भट्ठे द्वारा नियमानुसार अनुमति लेकर और रॉयल्टी जमा करके खनन किया जा रहा था। उसी की ट्रैक्टर ट्रॉली से दुर्घटना हुई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के इस दावे के उलट दूसरा पहलू यह है कि न तो ईंट भट्ठे का एफआईआर में कोई जिक्र है, न गिरफ्तार आरोपी आबिद का कोई ईंट भट्ठा है।
ट्विटर की जिम्मेदारी सिपाही पर
बरेली पुलिस के ट्विटर हैंडल से किए जाने वाले ट्वीट की जिम्मेदारी वैसे तो एसएसपी की है, लेकिन उनकी जगह इस ट्विटर हैंडल को उनके ऑफिस का एक सिपाही चलाता है। बरेली पुलिस को किए जाने वाले सभी ट्वीट के वही जवाब देता है। बताया जा रहा है कि सिपाही ने बिना मामले की तह में जाए सीएम ऑफिस को किए गए ट्वीट पर गलत जानकारी साझा कर दी।
आरोपी आबिद को किया गिरफ्तार
शीशगढ़ पुलिस ने मामले में नामजद एक आरोप आबिद अली को सोमवार देर रात सहोड़ा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। इस मामले में दूसरा आरोपी जाहिद अली अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। ट्रैक्टर ड्राइवर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
झूठ और सच...! मुख्यमंत्री को ट्वीट के बाद अफसरों के बोल
मुख्यमंत्री को ट्वीट
दो थानों की पुलिस की लापरवाही के कारण खनन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से दो बच्चों का जान जाने के बाद भी अधिकारियों ने पुलिस पर नहीं की कोई कार्रवाई, न ही किया हत्या का मुकदमा दर्ज।
पुलिस का जवाब
उपरोक्त प्रकरण में ज्ञात हुआ है कि एक ईंट भट्ठे के द्वारा नियमानुसार अनुमति लेकर और रायल्टी अदा कर खनन किया जा रहा था जिसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्घटना हुई है। उपरोक्त मामले में मुकदमा पंजीकृत है। विवेचना की जा रही है। लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नदी में हो रहा था खनन
राजस्व टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां नदी से बालू का खनन होता मिला। मामले की रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दी गई है। रश्मि कुमारी, तहसीलदार मीरगंज
नहीं थी खनन की अनुमति
तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को भेजकर जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। शाही और शीशगढ़ इंस्पेक्टर को भी नोटिस भेजे जा रहे हैं। डीएम के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नदी से बालू खनन की किसी को अनुमति नहीं दी गई है। - वेदप्रकाश मिश्रा, एसडीएम मीरगंज।
अनुमति थी खनन की
ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट भट्ठे का था और उनके पास खनन की अनुमति थी। मगर जांच में सामने आया कि जिस खेत से खनन की अनुमति थी, उसके बजाय नदी से खनन किया जा रहा था। इसी वजह से एफआईआर में खनिज अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
ईंट पाथने के लिए रेत
नदी से रेत खनन नहीं किया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट भट्ठे पर पथाई के लिए रेत भरकर ले जा रहा था लेकिन यह हादसा हो गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। - अजय पाल सिंह, इंस्पेक्टर शीशगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें