शहरी और ग्रामीण इलाकों में तमाम जगहों पर कूड़े के ढेर लगने से एयरफोर्स के विमानों को बर्ड हिट (पक्षियों का विमान से टकराना) का खतरा पैदा हो गया है। एयरफोर्स ने प्रशासनिक और नगर निगम के अफसरों को दर्जनों पत्र इस संबंध में लिखे हैं। नगर निगम तो अब तक लापरवाह बना है लेकिन हाल ही में एयरफोर्स अधिकारियों द्वारा लिखे पत्र के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। एयरफोर्स स्टेशन के आस-पास आधा दर्जन गांवों में सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है।
एयरफोर्स के विमानों को बर्ड हिट के खतरे से बचाने के लिए 2005-06 में रजऊ परसपुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। मार्च 2013 में प्लांट चला भी लेकिन कानूनी पचड़ों में फंसा ये प्लांट लंबे समय से बंद है। इसी बीच एयरफोर्स की ओर से रक्षा मंत्रालय के अलावा स्थानीय प्रशासन और नगर निगम को कूड़े खुले में पड़ा होेने से विमानों को बर्ड हिट का खतरा बताकर ढेरों पत्र लिखे गए। नतीजा शून्य रहा। हाल ही में एयरफोर्स अफसरों ने फिर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पीरबहोड़ा, नगरिया परीक्षित, भूड़ा, नगरिया कला, गांवों के अलावा कंजादासपुर और पीर बहोड़ा समेत अन्य इलाकों में खुले में जमा कूड़े के ढेरों से अपने विमानों को बर्ड हिट का खतरा बताया और कूड़े के ढेर हटवाने का अनुरोध किया।
पीरबहोड़ा के अलावा आस-पास के गांवों में एयरफोर्स के विमानों को बर्ड हिट का खतरा है। इसलिए इन गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चल रहा है। इन गांवों को ओडीएफ में लाकर परमानेंट साफ कराने के इंतजाम किए जाएंगे।
- शिवसहाय अवस्थी, सीडीओ