बरेली। नगर निगम की ओर से तीन नोटिस जारी करने के बावजूद कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण करने के लिए चुनी गई हैदराबाद की कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया। अब इस कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी है जिसके बाद नए सिरे से टेंडर मांगे जाएंगे।
कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण के लिए हैदराबाद की कंपनी का टेंडर मंजूर हुआ था। इसके बाद कंपनी को बरेली आकर अनुबंध करना था और उसके बाद पुल का निर्माण शुरू होना था। पिछले दो महीने से नगर निगम की ओर से कंपनी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं लेकिन न कंपनी की टीम यहां पहुंची न ही उसके अधिकारियों ने एक भी नोटिस का जवाब दिया। ब्लैक लिस्ट किए जाने की चेतावनी को भी नजरअंदाज कर दिया।
अब नगर निगम कंपनी को कालीसूची में डालने की तैयारी कर रहा है। मेयर उमेश गौतम का कहना है कि हैदराबाद की कंपनी काम करने की इच्छुक नहीं दिख रही। चार से पांच दिन में जवाब नहीं आया तो उसे काली सूची में डाल दिया जाएगा और फिर नए सिरे से टेंडर होगा। मालूम हो कि 1400 मीटर का यह पुल बनना है जिस पर 90 करोड़ रुपये से अधिक रकम खर्च होगी। लगभग डेढ़ साल में इसका निर्माण होना है। वहीं दूसरी ओर पुल के विरोध में व्यापारी उतरे हुए हैं।