बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के भूड़ निवासी महिला मनी सक्सेना ने पति के खिलाफ इज्जतनगर थाने में एक और रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस बार जेल से जमानत पर छूटे पति पर रास्ते में रोककर धमकाने व हत्या की कोशिश का आरोप है। महिला ने पुलिस को एक वीडियो सौंपकर घटना की रिकार्डिंग करने का दावा किया है।
मनी सक्सेना ने 2022 में अपने पति मनमोहन के खिलाफ इज्जतनगर थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मनी का आरोप था कि उसकी मां नीलम की मनमोहन, सहकर्मी साक्षी और कामवाली नैना ने कार से कुचलकर हत्या कर दी। आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। मनी ने इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि उसके पति मनमोहन के खिलाफ मां की हत्या का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। इसमें निर्णय आने वाला है। इसके अलावा मनमोहन के खिलाफ चल रहे पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में भी फैसला आने वाला है।
मनी का आरोप है कि जमानत पर छूटा मनमोहन उस पर लगातार समझौता करने का दबाव बना रहा है। मनी के मुताबिक वह अपनी सहेली ज्योति से मिलने गई थी तभी मनमोहन ने रास्ते में उसे रोक लिया और थप्पड़ बरसा दिए। जान से मारने की नियत से उसका गला दबा दिया।
मनी के मुताबिक उनका भाई दानिश सक्सेना भी उनके साथ था। दानिश की भी मनमोहन ने पिटाई की। मुकदमे वापस नहीं लेने पर दानिश और मनी को हत्या करने की धमकी दी। इज्जतनगर थाने में मनी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो