वासंतिक नवरात्र पर पहले दिन घर से लेकर मंदिर तक भक्ति भाव का नजारा दिखा। घर- घर सजे दरबार और कलश स्थापना का दौर सुबह से शुरू हो गया। घरों में पूजन के बाद मंदिराें में भक्ताें की भीड़ उमड़ी। कई जगह भजन और कीर्तन भी हुआ।
पहले दिन शहर की देवी मंदिराें में विशेष तैयारी की गई। चौरासी घंटा मंदिर बदायूं रोड, नव दुर्गा मंदिर साहूकारा, कालीबाड़ी, रोहिलीटोला, राजेंद्रनगर, पुराना शहर, रामपुरबाग, बमनपुरी, बिहारीपुर, नेकपुर, नरियावल, सीबीगंज में भक्तों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। शाम पांच बजे के बाद कुछ प्रमुख मंदिरों पर दर्शन के लिए भक्तों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर बिहारीपुर में पंडित गिरीराज महाराज ने कलश स्थापना की। यहां विकास मेहरोत्रा, अमित अरोरा, विवेक कक्कड़, मनोज, मुनीश ने सहयोग किया। सुभाषनगर में श्री हरे राम ग्वाल बाल भगवती सेवा समिति की ओर से डॉ. जिेंद्र शर्मा, दुष्यंत चौहान व महिलाओं ने मिलकर पूजा अर्चना की। मां का श्रृंगार हुआ। शशि तिवारी, नीलम, रचना रावत,शशि बाला, ब्रह्मदेवी, रेखा शर्मा व अन्य ने देवी छंद गाए।
- आज होगी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
ब्रह्मचारिणी अर्थात तप का आचरण करने वाली हैं। आचार्य मुुकेश मिश्रा ने बताया कि शंकरजी को पति के रूप में रूप में प्राप्त करने के लिए की गई तपस्या के कारण इन्हें ब्रह्मचारिणी नाम से पुकारते हैं। इनकी आराधना ऊनी आसन पर बैठकर करनी चाहिए। कमल पुष्प, बेल पत्र और श्वेत पुष्प इन्हें प्रिय है।
- 501 थालियों से हुई महाआरती
श्री महाआरती सेवा समिति की ओर से राधाकृष्ण मंदिर मिर्ची टोला में 501 थालियों में दीपक जलाकर मां की महाआरती की गई। इसमें क्षेत्रवासी शामिल हुए। ढोल, नगाड़े, घंटे व शंख के बीच मां की आरती गायी गई। इसमें रवि भूषण, सुधीर कश्यप, राकेश वार्ष्णेय, गौरव राजपूत, सुमन उपाध्याय, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी व अन्य शामिल हुए। शनिवार को शिव साई मंदिर मॉडल टाउन में आरती होगी।
- नवरात्रि पर मां की दुकानें बंद करने की मांग
युवा लोधी सभा की ओर से गौरव राजपूत ने एसएसपी से मिलकर नवरात्रि पर खुलेआम बिकने वाले मांस की दुकानाें को बंद करने की मांग की है। बड़ा बाजार, कुतुबखाना, श्यामगंज, संजय नगर, किला, ईट पजाया, बारादरी के पास कपड़ा लगाए बिना ही दुकानों में मांस बिक रहा है। इसे हटवाया जाए।
- नंगे पैर पूर्णागिरी रवाना
श्री नाथ नगरी सेवा समिति के विजय वैश्य के नेतृत्व में भक्तों का जत्था बिहारीपुर से झंडी लेकर मां पूर्णागिरी की पैदल यात्रा पर गए हैं। इनका जगह- जगह अभिनंदन हुआ। जत्थे में विजय वैश्य, अंशू, अमित, रवि, अंकित, रोहित, नेहाल, शिवा, विरजू, सचिन व अन्य शामिल रहे।