बरेली। बरेली-नैनीताल हाईवे पर कई जगह यू टर्न पर संकेतक नहीं हैं। सड़क पर कोहरे में चलने में मददगार बनने वाली सफेद पट्टी कई हिस्सों में गायब है। भोजीपुरा के बाद प्रत्येक पांच-पांच किलोमीटर पर हेल्पलाइन नंबर के साइन बोर्ड भी नहीं हैं। रिछा स्टेशन के पास चार लाइटें मय सोलर पैनल के चोरी हो गईं हैं।
सड़क सुरक्षा के प्रति ये लापरवाही कोहरे में राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। कुछ यही हाल अन्य राजमार्गों का भी है। सेटेलाइट से पीलीभीत बाइपास तक भी कई स्थानों पर सड़क पर सफेद पट्टी नहीं है। कोहरे में जब 50 कदम की दूरी का वाहन भी नजर नहीं आता, तब यही पट्टी चलने में मदद करती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे हुए हैं। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 15 दिसंबर से चल रहा है, लेकिन अभी तक सड़कें सुरक्षा के मानकों पर खरी नहीं उतर रहीं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 13 दिसंबर को बैठक में सभी निर्माण एजेंसियों को सुरक्षित सफर के उपाय सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए थे। लोक निर्माण विभाग ने सेटेलाइट से पीलीभीत बाइपास तक के मार्ग पर टूटे डिवाइडर की मरम्मत कराई है। स्पीड ब्रेकर भी बनवाए, लेकिन कई काम अधूरे हैं। कई स्ट्रीट लाइट खराब हैं। उत्तर प्रदेश राज्यमार्ग प्राधिकरण को बरेली-नैनीताल हाईवे की लाइटें ठीक कराने की भी याद नहीं। न ही हेल्पलाइन के नंबर प्रत्येक पांच किलोमीटर पर सड़क के किनारे लिखवाए गए हैं।
बरेली-नैनीताल हाईवे पर वैसे तो प्रत्येक पांच किलोमीटर में हेल्पलाइन के नंबर बोर्ड लगवाए गए थे, लेकिन अगर नहीं लगे हैं तो उन्हें चेक कराएंगे। लाइटें नई लगाए जाने के लिए ऑर्डर दिए जा चुके हैं। एक-दो दिन में आपूर्ति मिल जाएगी। सफेद पट्टी जहां पर धुंधली पड़ चुकी है, वहां पर नया पेंट कराया जा रहा है। - विवेक गुप्ता, बरेली नैनीताल-हाईवे की देखरेख निजी कंपनी के उपप्रबंधक
सेटेलाइट से पीलीभीत बाइपास तक जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई की थी। सड़क तो ठीक करा दी है, लेकिन सफेद पट्टी करानी बाकी है। जलनिगम की अधिशासी अभियंता से बातचीत हुई है। वे दो दिन में सफेद पट्टी बनवा देंगी। जिले में 37 ब्लैक स्पॉट थे जहां पर सड़क सुरक्षा से संबंधित अधिकतर काम कराए जा चुके हैं। अब निर्धारित प्रारूप पर सूचनाएं मांगी गई हैं ताकि काम को मौके पर भी देखा जा सके। - नारायण सिंह, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सचिव
बरेली-नैनीताल हाईवे पर इज्जतनगर से लेकर डंडिया गांव तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। अधिकारी देखकर लौट जाते हैं। अधिकतर यू-टर्न पर लाइट रोशन नहीं होती। -रीतेंद्र सिंह, सीकरी
कहीं दिक्कत आए तो बरेली-नैनीताल हाईवे पर भोजीपुरा के बाद हेल्पलाइन के साइन बोर्ड नजर नहीं आते, जो लगे थे वे गायब हो गए। दोबारा नहीं लगाए गए। - नवाब राशिद खां, चाचेट बहेड़ी