बहेड़ी। सकरस गांव के सेवा अस्पताल में सोमवार को गर्भवती महिला की मौत के बाद सीएमओ के निर्देश पर छापा मारने पहुंचे सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहन को अस्पताल में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड होते मिले। सीएचसी प्रभारी ने मरीजों के पर्चे, कुछ अन्य सामग्री और अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर पुलिस के सुपुर्द कर दी, लेकिन अस्पताल संचालक अप्रशिक्षित युवक और उसकी पत्नी-बच्चे हंगामा करते हुए सिपाही से मशीन छीन ले गए। सीएचसी प्रभारी और पुलिस कर्मियों को कमरे में बंद कर उनकी पिटाई की। कब्जे में लिए गए दस्तावेज और अन्य सामान छीनकर दूसरी मंजिल पर अपने आवास में छिपा दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हंगामा चला।
टीम के साथ मौजूद सिपाही ने थाने फोन करके अतिरिक्त फोर्स मंगवाया। फोर्स की मौजूदगी में भी आरोपी टीम से अभद्रता करता रहा और सील किया गया सामान देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। रविवार रात सकरस गांव की गर्भवती शाइस्ता को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज कर रहे अप्रशिक्षित युवक ने उसमें खून की कमी बताई थी। परिजन के मुताबिक इलाज में लापरवाही की वजह से शाइस्ता की सोमवार सुबह मौत हो गई। आक्रोशित परिजन ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया।
दबाव में लेने को की सीएचसी प्रभारी से अभद्रता
अप्रशिक्षित युवक वसीम ने अपने आपको बचाने के लिए खूब पैंतरे आजमाए। पहले चीख चीखकर कथित रिश्वत के पांच लाख रुपये लौटाने को कहा। कामयाब न होने पर सीएचसी प्रभारी और सिपाही को कमरे में बंद कर उनकी पिटाई की। गांव के कुछ लोगों ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया तो उसने टीम को छोड़ा। गांव वालों ने कहा, आरोपी बरेली से लेकर उत्तराखंड के सितारगंज, हल्द्वानी तक खून बेचने का धंधा करता है। उसने शेरगढ़ और बहेड़ी में भी अस्पताल खोल रखे हैं, जो स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की सांठगांठ से चल रहे हैं।
सीएम ऑफिस के आदेश पर देर शाम सील किया अस्पताल
सेवा अस्पताल सकरस में सीएचसी प्रभारी और सिपाही के साथ हुई घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने वीडियो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य मंत्री को ट्वीट कर शिकायत की है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के एक बड़े अफसर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। सीएम ऑफिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी होने पर देर शाम सेवा अस्पताल को सील कर दिया गया।
गर्भवती महिला की मौत होने पर पुलिस लेकर सेवा अस्पताल सील करने गए थे। वहां अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड करते पकड़ा गया। आरोपी ने मारपीट और धक्कामुक्की करते हुए सिपाही से सील की गई अल्ट्रासाउंड मशीन और दस्तावेज छीन लिए। अस्पताल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
- डॉ. रोहन, सीएचसी प्रभारी बहेड़ी
सरकारी डॉक्टर से अभद्रता करने और सील की गई अल्ट्रासाउंड मशीन व दस्तावेज छीनने के मामले की मुझे सीएमओ ने कोई जानकारी नहीं दी है। इस तरह की हिमाकत करने वाले आरोपी अप्रशिक्षित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - शिवकांत द्विवेदी, डीएम