बारादरी थाना क्षेत्र निवासी शख्स ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी से 10 महीने पहले गोरखपुर निवासी साहिल गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ली। साहिल ने खुद को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बीटीसी का छात्र व पिता को नेता बताया। साहिल के कहने पर छात्रा ने अपने फोटो उसे शेयर कर दिए। उन फोटो को एडिट कर साहिल ने उसे अश्लील बना लिए और उनको वायरल करने की धमकी दी। धमकी देकर साहिल छात्रा को विवि की तरफ दोस्त के कमरे पर ले गया। कमरे से साहिल के तीन दोस्त बाहर चले गए। उसके बाद साहिल ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान साहिल ने छात्रा का वीडियो बना लिया। साहिल छात्रा को सेटेलाइट बस स्टैंड के पास छोड़कर चला गया। इसके बाद साहिल ने छात्रा को फोन कर शादी करने का झांसा दिया। साहिल की मां और खुद को उसका मामा बताने वाले सूर्य शिवम ने छात्रा से बात कर सबकुछ ठीक करने का आश्वासन दिया। बाद में साहिल और उसके घरवालों ने अपने फोन बंद कर लिए। इससे छात्रा मानसिक तनाव में आ गई और आत्महत्या करने के लिए कहने लगी। छात्रा के पिता ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उनके निर्देश पर बारादरी पुलिस ने साहिल को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने बताया कि साहिल से पूछताछ की जा रही है।