बरेली में कुर्सी के विवाद का मामला सामने आया है। एक शादी समारोह में कुर्सी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। दो युवकों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कुर्सी को लेकर एक शादी समारोह में बवाल हो गया। एक पक्ष ने दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी और चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना से दहशत फैल गई। पीड़ित पक्ष की तरफ से इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर चौधरी निवासी समीर अहमद ने बताया कि 10 दिन पहले उनका बेटा सैफ करमपुर चौधरी के एक बरातघर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में सैफ का भाई रहीस भी मिल गया। दोनों कुर्सी पर बैठकर खाना खाने लगे।
इसी दौरान गांव निवासी शफी आया और अभद्रता करते हुए कुर्सी से उठने को कहा। सैफ ने अभद्रता पर विरोध जताया तो शफी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे विवाद बढ़ गया। शफी ने समीर, मकबूल, मकसूद और अफसार को बुला लिया। इन लोगों ने सैफ और रहीस की पिटाई की।
विज्ञापन
मारपीट के दौरान शफी ने चाकू से सैफ पर हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर दोनों बरातघर के बाहर आए। जब रिपोर्ट नहीं लिखी गई तो पीड़ितों ने एडीजी के यहां शिकायत कर गुहार लगाई। इज्जतनगर थाने में एडीजी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।