बरेली के सीबीगंज इलाके में हत्या करके बड़ा बाईपास के नजदीक फेंकी गई युवती की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस शिनाख्त के लिए होटल व फार्म हाउस के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा है। युवती एक महीने की गर्भवती थी। उसका गर्भपात कराया गया था।
तिलियापुर-परधौली गांव के बीच मंगलवार सुबह युवती का शव मिला था। युवती के हाथ-पैर सफेद चादर को फाड़कर बांधे गए थे। ऐसी चादर होटलों में इस्तेमाल की जाती है। इसलिए पुलिस को शक है कि होटल से ही युवती के बारे में सुराग मिल सकता है। देह व्यापार के एंगल पर भी जांच की जा रही है। युवती के दाहिने हाथ पर फूल के टैटू बने थे, बाएं हाथ पर राजू लिखकर दिल बना हुआ था। उसकी उम्र 24 से 25 वर्ष के करीब बताई गई थी। युवती नीले रंग की जींस और काले रंग की हुडी पहने हुई थी।
ये भी पढ़ें- Bareilly: 'पापा मेरे पास सिर्फ पांच मिनट का वक्त...' मौत से पहले लक्ष्मण का आखिरी कॉल, छोड़ गया कई सवाल
पुलिस की टीमें बरेली, रामपुर और मुरादाबाद के होटलों और फार्म हाउस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही हैं। पुलिस उस रात 10 बजे से अगले दिन तक रामपुर की ओर से आने-जाने वाले करीब चार हजार वाहनों की टोल की फुटेज जांच रही है। लेकिन अब तक कोई ऐसा सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे युवती की पहचान हो सके।