ठगी के शिकार निवेशक अब हरदोई, बरेली के पुलिस अफसरों के लगा रहे चक्कर
बरेली। हरदोई के पिहानी में एक रियल एस्टेट कंपनी खोलकर बरेली के ठगों ने करीब एक करोड़ से ज्यादा की रकम हड़प ली और फिर दफ्तर बंद कर फरार हो गए। निवेशक और एजेंट रकम वापसी की उम्मीद टूटने के बाद अब ठगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बरेली और हरदोई जिले के पुलिस अफसरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन दोनों ही जिलों की पुलिस कार्रवाई टाल रही है।
पिहानी निवासी उदय प्रताप सिंह, अनिल गुप्ता, सतीश वैश्य, संजय और बच्चन लाल आदि ने बरेली आकर सीओ सिटी समेत कई पुलिस अधिकारियों को पत्र देकर बताया कि बरेली के सुपरसिटी निवासी एक शख्स ने उनके कस्बे में रियल एस्टेट कंपनी का दफ्तर खोलकर निवेशकों को तगड़ा ब्याज देेने का झांसा दिया। उसके झांसे में आकर लोगों ने कुछ ही दिनों में करीब एक करोड़ रुपये जमा कर दिए। शुरूआती दिनों में कंपनी ने निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए कुछ रकम लौटाई भी, लेकिन दो साल से रकम लौटानी बंद कर दी। बाद में कंपनी के लोग दफ्तर बंद कर फरार हो गए। उनके फोन नंबर भी बंद हैं। हरदोई पुलिस उनकी फरियाद नहीं सुन रही है। वहां की पुलिस के कहने पर ही वे बरेली आए हैं।
हरदोई के लोग इस मामले में मुझसे नहीं मिले हैं। कार्यालय में शिकायत आई होगी तो उसकी जांच करा लेंगे। नियमानुसार धोखाधड़ी वाले स्थान पर ही रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए। आरोपी बरेली के हैं तो उनकी गिरफ्तारी में हरसंभव मदद करेंगे। - अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी