पहाड़गंज के ग्रामीणों को जुगाड़ के पुल से मुक्ति दिलाने के लिए सवा चार करोड़ रुपये में नया पुल बनेगा। शनिवार को पूरे दिन सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने खाका तैयार कर लिया है। जिसे मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय भेज दिया जाएगा। वहीं से इस पुल का निर्माण कराने के लिए निर्देश मिलेंगे। पुल के निर्माण के लिए एस्टीमेट के साथ-साथ डिजाइन बनाने के लिए गाजियाबाद भी विशेष संदेशवाहक भेजा जाएगा। वहां पर सेतु निगम की निर्माण एवं डिजाइन यूनिट है। अधिकारियों का कहना है कि इस पुल की डिजाइन 25 अगस्त तक तैयार होकर आ जाएगी। उसी के बाद धनराशि मिलने पर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। पुल के स्थान की मिट्टी आदि के परीक्षण का काम मंगलवार से शुरू हो जाएगा।
ऐसा होगा पुल
पांच पिलरों पर 64 मीटर लंबाई। दोनों किनारों पर डेढ़-डेढ़ मीटर फुटपाथ होगा। पुल की चौड़ाई सात मीटर होगी। पुल की एप्रोच रोड दोनों ओर 200-200 मीटर होगी। पुल सेतु निगम और एप्रोच रोड लोक निर्माण विभाग बनाएगा। इसलिए पुल बनाने की लागत साढ़े तीन करोड़ होगी। इसमें एप्रोच रोड की लागत 50 लाख से 70 लाख के बीच होगी।
बड़ी आबादी को होगा फायदा
इस पुल के निर्माण से बरेली विकास प्राधिकरण की रामगंगा नगर कालोनी के बाशिंदों को ज्यादा फायदा होगा। इस कालोनी में रहने वालों को दूसरे ओर जाने का रास्ता मिलेगा। इसीलिए बसपा शासनकाल में इस पुल को बीडीए से बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था, जिसके लिए तीन करोड़ का प्रावधान रखा गया था लेकिन उन दिनों बीडीए ने इस पर तीन करोड़ रुपये खर्च करने के स्थान पर चुप्पी साध ली थी। अब यह मामला सुर्खियों में आया और मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप हुआ है तो बीडीए की पुरानी फाइल खुल गई। जिसमें इसे प्रस्तावित किया गया था। अब यह देखना है कि इस पुल को बीडीए से बनवाया जाएगा या फिर सरकार अपने स्तर से धनराशि जारी करेगी। इस पुल के बनने से पहाड़गंज के अलावा धौरेरा माफी, बिचपुरी, चंदपुर, महानगर कालोनी, आशीष रायल पार्क तथा आसपास के लोगों को फायदा होगा।