बरेली के मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की बेशकीमती जमीन और खेल मैदान को भूमाफिया और उसके सहयोगियों ने कब्जा लिया। स्कूल से मिशन अस्पताल को जाने वाला रोड भी चौहद्दी में मिलाकर खुर्द-बुर्द कर दिया गया। मामले में स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर कमिश्नर ने तीन सदस्यीय अधिकारियों से जांच कराई। इसके आधार पर डीआईओएस ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने डॉ. न्यूटन एम. परमार प्राधिकृत सचिव कंस्टीट्यूटेड एर्टानी, सुनील मसीह अधिशासी सचिव एक्जीक्यूटिव बोर्ड नॉर्थ इंडिया रीजनल कांफ्रेंस, मैसर्स क्षितिज इंटरप्राइजेज पार्टनरशिप फर्म व हरीश अरोरा के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि किला छावनी निवासी अमर सिंह राठौर ने इस कब्जे की शिकायत की थी। इस मामले में मंडलायुक्त ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। इनमें अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, एसपी सिटी मानुष पारीक, एडीएम सिटी सौरभ दुबे को जांच दी गई थी।
आरोपियों पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामला
कमेटी ने कमिश्नर को जो रिपोर्ट सौंपी उसमें यह स्पष्ट किया गया है कि आरोपियों ने स्कूल के खेल मैदान का स्वरूप बिगाड़कर उस पर कब्जा कर लिया है। किसी वक्त में यहां खेल के तीन मैदान, दो वॉलीबॉल कोर्ट और एक बास्केटबॉल कोर्ट था। इस संपत्ति पर अब लीज डीड की आड़ में कब्जा किया गया है। पहले भी आरोपियों पर धोखाधड़ी आदि के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। कोतवाल धनंजय पांडेय ने बताया कि विवेचना के आधार पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाएगी।