बरेली। पिछले तीन दिनों से उच्च वायुदाब की वजह से धूप और उमस से बेहाल हो रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को अनुकूल माहौल बनने की उम्मीद जताई है। पहाड़ों के बादल का जमावड़ा होने से अच्छी बारिश के आसार जताए हैं। मौसम विशेषज्ञ ने बुधवार की शाम शहर में फिर से निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने की बात कही है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, पिछले दिनों करीब 135 एमएम हुई बारिश के चलते शहर में उच्च वायुदाब हावी हुआ था। पहाड़ों की हवाओं का जमावड़ा न लगने से बारिश के अनुकूल माहौल नहीं बन रहा था। धूप और उमस हावी थी। हालांकि, रह-रहकर कुछ जगहों पर बूंदाबांदी जारी रही। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम फिर से निम्न वायुदाब बनने के संकेत मिले हैं। अगर हवाओं की दिशा परिवर्तित नहीं हुई तो बृहस्पतिवार को अच्छी बारिश हो सकती है। मंगलवार को तापमान अधिकतम 33.2 डिग्री और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज है।