बरेली। उड़नदस्ता प्रभारी मोहम्मद आसिम ने मीरगंज के सपा प्रत्याशी सुल्तान बेग समेत अन्य के खिलाफ कोतवाली में आचार संहिता के उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुल्तान के के खिलाफ यह रिपोर्ट सपा कार्यालय पर हुई मीटिंग का वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट में उड़नदस्ता प्रभारी ने कहा है कि शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें सुल्तान बेग सपा कार्यालय पर कार्यक्रम करके आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। वह जांच के लिए मौके पर पहुंचे तो पता चला कि वीडियो 26 या 27 जनवरी का है। उस दौरान सुल्तान बेग ने बिना अनुमति कार्यालय में सभा करके आचार संहिता और महामारी अधिनियम का उल्लंघन किया।
आचार संहिता उल्लंघन के अब तक 10 मामले दर्ज : जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी सूचना के मुताबिक जिले की सभी नौ विधानसभाओं में आचार संहिता उल्लंघन के अब तक कुल दस मामले दर्ज कराए गए हैं। इनमें से बरेली, बिथरी, आंवला, बहेड़ी में एक-एक और नवाबगंज, भोजीपुरा, कैंट में दो-दो मुकदमे दर्ज हुए हैं।