हाफिजगंज। जमीन विवाद में हुई मारपीट के बाद एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीण के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं, आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
थाना हाफिजगंज के धमीपुर के गांव बढ़ेपुरा निवासी मृतक की पत्नी शकुुंतला देवी ने बताया कि पति भूदेव शर्मा बृहस्पतिवार की शाम गांव में ही एक दुकान पर गए हुए थे, जहां पर एक ठेकेदार मौजूद था। इस बीच जमीन विवाद को लेकर दोनों में कहासुनी व मारपीट होने लगी। तभी उक्त ठेकेदार ने उसके पति को जान से मारने की नीयत से धक्का दे दिया, जिससे पति की सिर में चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। इधर, आरोपी व्यक्ति वहां से भाग निकला। परिजनों की घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर कुमार सिंह टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। अभी तहरीर नहीं मिली है, लेकिन आरोपी की तलाश में टीम लगा दी गई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि भूदेव का एक ही पुत्र है, जो चेन्नई में काम करता है। उसके आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद