बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ने फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एफईटी) सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं अब 25 मई से शुरू होकर 25 जून तक चलेंगी। इससे पहले ये परीक्षाएं 22 मई से होनी थीं, जिसे 2 जून से कराने की मांग छात्रों ने मांग थी, जिसके बाद कुलपति के आदेश पर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं थी
एफईटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन के द्वितीय व छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 मई से आरंभ होंगी। कंप्यूटर साइंस इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी के छठे, इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छठे, केमिकल व मैकेनिकल के चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं भी इसी दिन से शुरू होंगी। डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन एंड इंजीनियरिंग के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 25 मई से होंगी। एमएससी केमिस्ट्री, फिजिक्स और मैथमेटिक्स के द्वितीय सेमेस्टर तथा एमसीए के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 25 मई से शुरू होंगी। 26 मई से पीजीडीसीए के द्वितीय सेमेस्टर, एमटेक ऑटोमेशन द्वितीय सेमेस्टर, एमटेक सीएसई, एमटेक-पीएचडी इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन और एमटेक-पीएचडी सीएसई की परीक्षाएं आरंभ होंगी। बीटेक सीएसआईटी के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 28 मई से शुरू होगी। बीएससी कृषि (ऑनर्स) के द्वितीय, चतुर्थ व छठे सेमेस्टर का नया परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किया गया है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से 25 जून तक, चतुर्थ सेमेस्टर की 29 मई से 30 जून तक और छठे सेमेस्टर की 28 मई से एक जुलाई तक चलेंगी। एमएससी कृषि के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 मई से 13 जून तक और चतुर्थ सेमेस्टर की 29 मई से 15 जून तक संचालित होंगी।
विभिन्न पालियों में होंगी परीक्षाएं
रुविवि कैंपस में परीक्षाएं अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएंगी। सुबह दस से एक बजे तक बैक परीक्षाएं कराई जाएंगी। दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच एमएससी, एमसीए, एमटेक, पीजीडीसीए व डिप्लोमा कोर्स की परीक्षाएं होंगी। बीटेक द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं सुबह दस से 12 बजे होंगी। वहीं, बीटेक छठे व आठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर दो से पांच बजे के बीच आयोजित होंगी।
कृषि पाठ्यक्रमों का संशोधित कार्यक्रम
बीएससी कृषि (ऑनर्स) के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह आठ से दस बजे की पाली में होंगी। बीएससी कृषि (ऑनर्स) द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से शुरू होकर 25 जून को समाप्त होंगी। चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 मई से 30 जून तक संचालित होंगी। छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से एक जुलाई तक चलेंगी। एमएससी कृषि के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 मई से 13 जून तक और चतुर्थ सेमेस्टर की 29 मई से 15 जून तक होंगी।