बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह लखीमपुर खीरी जा रही कार नवदिया झादा चौराहे के पास टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार उमाशंकर मौर्य की मौत हो गई। वह अपने लापता बेटे को लेकर मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे। ड्राइवर समेत छह लोग घायल हो गए।
लखीमपुर जिले के थाना सिजौली के गांव रामपुर रतिया निवासी उमाशंकर मौर्य (65) खेती करते थे। कई दिन पहले उनका बेटा मान सिंह नाराज होकर घर से कहीं चला गया था। तलाश के बाद उन्हें पता चला कि उनका बेटा मुजफ्फरनगर में है। बृहस्पतिवार रात वह गांव के ही चालक शांति यादव के साथ बोलेरो कार से बेटे लालू मौर्य, मनोज, लाल सिंह और दामाद अक्षय के साथ लखीमपुर खीरी से बेटे मान सिंह को लेने मुजफ्फरनगर के लिए निकले थे। शुक्रवार रात यह सभी लोग मान सिंह को लेकर लखीमपुर खीरी जा रहे थे।