फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग छात्राओं से शिक्षक द्वारा छेड़खानी और विरोध कर रहे ग्रामीणों पर लिखवाई गई रिपोर्ट से ग्रामीण संतुष्ट नहीं है। खुद पर दर्ज रिपोर्ट की जांच कर सत्यता पता कराने के लिए परिजन व ग्रामीण एसएसपी से मुलाकात करेंगे
थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग छात्राओं के साथ स्कूल के शिक्षक ने आधार कार्ड संशोधन कराने के बहाने अपने घर मीरानपुर कटरा ले जाकर छेड़खानी की थी, जिसके बाद शनिवार को स्कूल में जब छात्राएं अपनी मां के साथ स्कूल गई तो प्रधानाध्यापक ने जातिसूचक गाली दी। इसकी जानकारी होने पर गांव वालों ने उसकी पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और दोनों पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई। परिजनों का कहना है कि पूरे दिन प्रधानाध्यापक के करीबी उन लोगों पर फैसला करने का दबाव बनाते रहे। परिजनों ने एसएसपी बरेली से अपने खिलाफ झूठा दर्ज मुकदमे में सही से जांच करवाकर खत्म कराने की गुहार लगाई है।
दोनों मुकदमों की जांच सीओ करेंगे : थाना प्रभारी
अस्पताल में इलाजरत प्रधानाध्यापक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका बरेली अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि छात्राओं के पक्ष के मुकदमे की जांच सीओ फरीदपुर करेंगे। वहीं, प्रधानाध्यापक द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे की भी जांच की जा रही है।