बरेली। श्यामगंज चौराहे पर सीवर लाइन डालने का काम करीब डेढ़ महीना पहले खत्म होने के बावजूद जलकल विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली है। यहां बनाई गई अस्थायी सड़क भी उखड़ चुकी है। धूल व गड्ढों के साथ ही राहगीरों को यहां लगने वाले जाम से जूझना पड़ रहा है।
जलकल की ओर से पिछले वर्ष श्यामगंज से चौपुला तक ट्रंक सीवर व 28 किलोमीटर ब्रांच सीवर लाइन का काम कराया गया था। इस दौरान श्यामगंज में 50 मीटर पाइप नहीं पड़ पाया। इसके चलते दो से ढाई हजार घरों के पानी की निकासी सीवर लाइन से नहीं हो पा रही थी।
इसके बाद श्यामगंज चौराहे पर फिर से काम शुरू कराया गया। काम पूरा होने के डेढ़ महीने बाद भी यहां सड़क की दशा नहीं सुधारी गई। खस्ताहाल सड़क के चलते श्यामगंज चौराहे से विकास भवन की ओर जाने वाले परेशान हैं।
कदम-कदम पर बने जानलेवा गड्ढे हादसे को दावत दे रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या सीवर लाइन के उभरे हुए ऊंचे ढक्कन हैं, जो यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन चुके हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यहां आए दिन हादसे होते हैं। यदि समय रहते इस सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई, तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
वर्जन :
श्यामगंज चौराहे से विकास भवन की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए अभियंताओं को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त