स्वामी दयानंद डिग्री कालेज में विश्वविद्यालय परीक्षाओं में मंगलवार को सुबह तलाशी लेने पर कुछ परीक्षार्थियों ने अनुशासनहीनता की हदें पार कर दीं। तलाशी देने से मना कर दिया और टीचर्स को धकियाते हुए बिना तलाशी अंदर घुसने की कोशिश की। विरोध पर उन्होंने शिक्षकों से बदसलूकी करते हुए हाथापाई कर दी। इस पर कॉलेज में हंगामा हो गया। काफी देर गहमागहमी के बाद परीक्षा शुरू हो पाई। प्राचार्य की तहरीर पर छह छात्रों के विरुद्ध थाना पुलिस ने नामजद मुकदमा किया है।
स्वामी दयानंद डिग्री कालेज में सोमवार को पहली पाली में सुबह सात बजे से बीएससी फर्स्ट ईयर का केमिस्ट्री थर्ड पेपर था। सुबह साढ़े छह बजे कालेज का स्टाफ रोजाना की तरह कालेज गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी ले रहा था। इसी दौरान परौरा के मुदस्सर अली, मीरगंज के अनिल कुमार, अरुण कुमार, कमल राठौर, अमित गंगवार और नौसना के मुस्तफा अली परीक्षा देने पहुंचे तो गेट पर स्टाफ उनकी भी तलाशी लेने लगा। इस पर यह छात्र भड़क गए और स्टाफ से गालीगलौज, हाथापाई कर दी। इससे कॉलेज में खलबली मच गई। सारे लोग गेट पर इकट्ठे हो गए। प्राचार्य डॉ. पूरनलाल गंगवार ने पहुंचकर उस समय तो मामला रफादफा करा दिया लेकिन बाद में उनकी ओर से छह परीक्षार्थियों के खिलाफ मीरगंज थाने में स्टाफ से मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया।