फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रखिए चाबी, खुद चला लो अपना सेंटर

Wed, 18 Mar 2015 02:07 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं की अनसुनी पर स्टडी सेंटर के कोआर्डिनेटर गुस्सा गए। पश्चिमी यूपी के 22 सेंटरों के कोआर्डिनेटरों की  मंगलवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हुई कार्यशाला में कुलपति प्रो. एमपी दुबे के सामने ही गुस्सा प्रकट कर दिया गया। बरेली कॉलेज में स्टडी सेंटर के कोआर्डिनेटर डॉ. आरबी सिंह ने तो यह तक कह दिया कि यह रखिए चाबी, अपना सेंटर खुद ही चला लो। हम ऐसे नहीं चला पाएंगे।
विज्ञापन

कार्यशाला में कुलपति प्रो. दुबे बताने लगे कि वह मुक्त विश्वविद्यालय को बेहतर चला रहे हैं। व्यवस्थाएं और अच्छी करने जा रहे हैं। नए-नए कोर्स शुरू करेंगे। इसी बीच डॉ. आरबी सिंह उठे और बोले- जब तक छात्रों की समस्याएं दूर नहीं करते सब बेकार है। उन्होंने कहा कि मार्कशीट की कमियां कई-कई महीने तक दूर नहीं की जाती हैं। छात्र भटकते रहते हैं। रिजल्ट महीनों तक घोषित नहीं किए जाते। शिक्षकों के पारिश्रमिकों को समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। सीयूजी नंबर उठते नहीं हैं। इस पर वित्त अधिकारी ने कहा कि बिलों को ठीक से बनाकर नहीं भेजा जाता है इसलिए भुगतान नहीं किया जाता। जवाब में डॉ. आरबी सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर कर दी। कहा कि अगर आप खुद को ठीक मानते हैं और हमारी बात सुनना नहीं चाहते तो यह रखिए चाबी और खुद ही सेंटर चला लीजिए। इससे कार्यशाला में सन्नाटा छा गया। डॉ. सिंह के समर्थन में हिंदू कॉलेज के स्टडी सेंटर कोआर्डिनेटर डॉ. एके जैन भी खड़े हो गए। उन्होंने भी कह दिया कि समस्याएं दूर होनी जरूरी हैं। इनके रहते परीक्षार्थियों की संख्या घट रही है। इससे पहले सुबह कार्यशाला का उद्घाटन रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन और इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. उमेश गौतम ने किया। रीजनल कोआर्डिनेटर डॉ. मिथलेश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें