यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए मंगलवार को पर्यवेक्षक शिक्षा निदेशालय की संयुक्त शिक्षा निदेशक मंजू शर्मा यहां पहुंच गईं। उन्होंने जिले के तीन केंद्रों का निरीक्षण किया। आंवला क्षेत्र के जगमाल सिंह इंटर कॉलेज में वह पहुंचीं तो गाड़ी खराब हो गई और वह पूरे समय तक वहीं केंद्र पर बैठी रहीं। उन्होंने सारे कक्ष निरीक्षकों के परिचयपत्र चेक कराए और अपनी देखरेख में ही परीक्षा के बाद कापियों का बंडल सील करवाया।
शाम की पाली में पर्यवेक्षक ने शहर के आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में भी परीक्षा का जायजा लिया। यहां परीक्षा में नकल की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने ऐसी कोई स्थिति तो नहीं पाई लेकिन बताया कि यहां कई परीक्षार्थी बिना पंजीकरण परीक्षा देते पाए गए। इसी तरह शहर के डीएवी कालीचरन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी उन्हें कई परीक्षार्थी बिना पंजीकरण परीक्षा देते मिले। यह जवाहर मीना देवी इंटर कॉलेज मोहनपुर के परीक्षार्थी हैं। पर्यवेक्षक ने बताया कि बिना पंजीकरण परीक्षार्थियों के मामले में यूपी बोर्ड कार्रवाई करेगा। पर्यवेक्षक ने बाद में डीआईओएस डॉ. आशुतोष भारद्वाज को भी तलब करके बोर्ड परीक्षा की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वह आगे भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी।